RPSC SI भर्ती-2021 री-एग्जाम की तारीख घोषित, 20 सितंबर को होगी परीक्षा; आवेदन अपडेट प्रक्रिया शुरू
राजस्थान SI भर्ती-2021 परीक्षा फिर से होगी, केवल पुराने अभ्यर्थियों को मिलेगा मौका जानिए पूरी खबर
अजमेर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती-2021 परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए री-एग्जाम की तारीख घोषित कर दी है। पेपर लीक विवाद और भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवालों के बीच अब यह परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार परीक्षा में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे जिन्होंने भर्ती-2021 के दौरान दोनों पेपर दिए थे।
आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन संबंधी जानकारी अपडेट करने का मौका भी दिया है। आज से 30 मई तक उम्मीदवार अपने मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और पते में संशोधन कर सकेंगे। इसके साथ ही जिन अभ्यर्थियों ने अपनी SSO ID बदल ली है, वे “Fetch Application Form” सुविधा के जरिए पुराने आवेदन का डेटा नए प्रोफाइल में ट्रांसफर कर पाएंगे।
RPSC ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों के लिए OTR (One Time Registration) प्रक्रिया अपडेट करना अनिवार्य होगा। केवल आवेदन भरना पर्याप्त नहीं माना जाएगा, बल्कि अभ्यर्थियों को आवेदन का फाइनल सब्मिट करना भी जरूरी होगा। आयोग ने कहा है कि बिना फाइनल सब्मिट किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए इस बार लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी के उपयोग की सहमति देना भी अनिवार्य किया गया है। साथ ही OTP वेरिफिकेशन के बाद ही आवेदन को अंतिम रूप से सब्मिट माना जाएगा। आयोग के इस कदम को परीक्षा में फर्जीवाड़ा रोकने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
आयोग के अनुसार SI भर्ती-2021 री-एग्जाम में कुल 3,83,097 अभ्यर्थी ही शामिल हो सकेंगे। उम्र सीमा, आरक्षण और शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी सभी शर्तें पूर्व विज्ञापन के अनुसार ही लागू रहेंगी।
वहीं पेपर लीक और अन्य मामलों में आरोपी अभ्यर्थियों को फिलहाल आवेदन अपडेट प्रक्रिया से बाहर रखा गया है। आयोग ने कहा है कि ऐसे मामलों में विधिसम्मत जांच के बाद अलग से निर्णय लिया जाएगा और संबंधित अभ्यर्थियों को इसकी सूचना दी जाएगी।
SI भर्ती-2021 को लेकर लंबे समय से विवाद और विरोध प्रदर्शन चल रहे थे। पेपर लीक मामले में कई गिरफ्तारियां और जांच एजेंसियों की कार्रवाई के बाद अब आयोग द्वारा री-एग्जाम की घोषणा को बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है। परीक्षा की नई तारीख सामने आने के बाद लाखों अभ्यर्थियों की तैयारी फिर से तेज हो गई है।