“अब भारत के लिए नहीं खेलना…” विराट कोहली ने ऐसा क्यों कहा? स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई बातचीत का Video वायरल

RCB और KKR मैच के दौरान विराट कोहली की एक बातचीत स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हलचल मच गई। कोहली के बयान के बाद उनके टीम इंडिया के भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

May 15, 2026 - 12:43
“अब भारत के लिए नहीं खेलना…” विराट कोहली ने ऐसा क्यों कहा? स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई बातचीत का Video वायरल

आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी शानदार शतकीय पारी के साथ-साथ स्टंप माइक में रिकॉर्ड हुई एक बातचीत है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में RCB ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 6 विकेट से हराकर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 192 रन बनाए। जवाब में RCB ने 19.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

विराट कोहली ने खेली मैच विनिंग पारी

193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने नाबाद 105 रन की विस्फोटक पारी खेली और टीम को जीत दिलाई। इस दौरान उन्होंने कई बेहतरीन शॉट लगाए और मैदान पर पूरी तरह छाए रहे। कोहली की इस पारी के बाद फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं। IPL 2026 में विराट अब तक शानदार फॉर्म में नजर आए हैं।

स्टंप माइक में कैद हुई बातचीत

मैच के दौरान विराट कोहली अपने पुराने साथी मनीष पांडे से बातचीत करते दिखाई दिए। दोनों खिलाड़ी अंडर-19 क्रिकेट से लेकर टीम इंडिया तक साथ खेल चुके हैं। इसी बातचीत के दौरान कोहली ने मजाकिया अंदाज में कहा “मैं ये शॉट जरूर मारूंगा, अब मुझे भारत के लिए तो खेलना नहीं है, इसलिए अब हर शॉट लगेगा।” यह बात स्टंप माइक में रिकॉर्ड हो गई और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

फैंस के बीच शुरू हुई चर्चा

विराट कोहली के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ फैंस इसे मजाकिया अंदाज मान रहे हैं, जबकि कई लोगों ने सवाल उठाना शुरू कर दिया कि क्या कोहली अब टीम इंडिया के लिए नहीं खेलेंगे? हालांकि क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि विराट कोहली का इशारा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की तरफ था, क्योंकि वह पहले ही 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके हैं

टेस्ट क्रिकेट से भी ले चुके हैं संन्यास

विराट कोहली ने पिछले सीजन आईपीएल के दौरान टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया था। इसके बाद अब वह केवल वनडे और IPL क्रिकेट खेल रहे हैं। हालांकि इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी के बावजूद कोहली का बल्ला IPL में जमकर चल रहा है।

IPL 2026 में शानदार फॉर्म में विराट

विराट कोहली इस सीजन शानदार लय में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने अब तक 12 मैचों में 53.78 की औसत से 484 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 3 अर्धशतक निकल चुके हैं। RCB की टीम भी इस जीत के बाद प्लेऑफ के बेहद करीब पहुंच गई है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।