खेजड़ी के पेड़ को लेकर ऐसा भड़का विवाद! युवक को पेड़ से बांधकर 4 घंटे तक पीटा, बेहोश होने पर भी बरसते रहे डंडे
झुंझुनूं के डूमोली गांव में खेजड़ी के पेड़ को काटने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी परिवार ने युवक को पेड़ से बांधकर घंटों तक बेरहमी से पीटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के झुंझुनूं जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। सिंघाना थाना क्षेत्र के डूमोली गांव में खेजड़ी के पेड़ को काटने को लेकर दो परिवारों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
जानकारी के अनुसार यह घटना 12 मई की शाम करीब 5 बजे की है, जबकि पीड़ित परिवार ने 13 मई की शाम को पुलिस में मामला दर्ज कराया। आरोप है कि पड़ोसी परिवार ने 23 वर्षीय युवक राहुल को पहले जमकर पीटा, फिर उसे घसीटकर अपने घर ले गए और आंगन में पेड़ से बांध दिया। परिजनों का कहना है कि युवक बेहोश हो गया था, लेकिन इसके बावजूद लाठी-डंडों से मारपीट जारी रही।
रास्ते और खेजड़ी के पेड़ को लेकर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित राहुल की मां मंजू ने सिंघाना थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा अपने प्लॉट में सूखी लकड़ियां काट रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला रोहताश, उसकी पत्नी प्रेमी देवी, बेटा इंद्र और बहू सरोज वहां पहुंचे। आरोप है कि वे प्लॉट में लगे खेजड़ी के पेड़ को काटने लगे। जब राहुल और उसकी बहन आशा ने पेड़ काटने से मना किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। राहुल का कहना है कि प्लॉट में रास्ता निकालने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और इसी बात को लेकर झगड़ा बढ़ा।
युवक को घसीटकर घर ले गए, पेड़ से बांधकर पीटा
परिजनों के मुताबिक आरोपियों ने राहुल के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे इतना पीटा कि वह बेसुध हो गया। इसके बाद आरोपी उसे घसीटकर अपने घर ले गए और आंगन में पेड़ से बांध दिया। बताया जा रहा है कि करीब चार घंटे तक राहुल को बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान लगातार मारपीट की गई। इतना ही नहीं, किसी को अंदर आने से रोकने के लिए घर के मुख्य गेट पर ताला भी लगा दिया गया था। राहुल चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी। मारपीट के कारण उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान बन गए और मुंह से खून निकलने लगा।
बहन ने पुलिस को दी सूचना, तब बची जान
पीड़ित परिवार के अनुसार राहुल की बहन किसी तरह वहां से निकलकर पुलिस तक पहुंची और घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपियों के कब्जे से छुड़वाया। इसके बाद घायल राहुल को पहले सिंघाना अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश के पीछे क्या वजह थी और घटना में कितने लोग शामिल थे।
गांव में तनाव का माहौल
घटना के बाद डूमोली गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन और रास्ते को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद होता रहा है, लेकिन इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया। स्थानीय लोग इस घटना को बेहद शर्मनाक बता रहे हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।