Dholpur News: इश्क में ‘डॉक्टर साहब’ ने किया इग्नोर, प्रेमिका टावर पर चढ़ बोली- अब शादी कराओ!

धौलपुर में प्रेम प्रसंग का हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जानिए पूरा मामला

May 15, 2026 - 08:19
Dholpur News: इश्क में ‘डॉक्टर साहब’ ने किया इग्नोर, प्रेमिका टावर पर चढ़ बोली- अब शादी कराओ!

राजस्थान के धौलपुर जिले में गुरुवार को प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। बांसवाड़ा की रहने वाली एक युवती पुलिस कंट्रोल रूम के पास लगे टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह घटना धौलपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ऑफिसर कॉलोनी की है। बताया जा रहा है कि युवती का प्रेम संबंध धौलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे एक छात्र से था। दोनों के बीच कई वर्षों से बातचीत और रिश्ता चल रहा था, लेकिन मेडिकल कॉलेज में प्रवेश मिलने के बाद युवक ने धीरे-धीरे युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी।

बातचीत बंद होने से नाराज हुई युवती

युवती का आरोप है कि पहले युवक ने उससे बातचीत कम कर दी और बाद में पूरी तरह संपर्क बंद कर दिया। इतना ही नहीं, जब युवती उससे मिलने धौलपुर पहुंची तो युवक ने मिलने से भी इंकार कर दिया। प्रेमी के इस व्यवहार से आहत युवती ने गुस्से में आकर पुलिस कंट्रोल रूम के पास लगे टावर पर चढ़कर विरोध जताना शुरू कर दिया।

टावर के नीचे जमा हुई भीड़

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। देखते ही देखते मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह युवक से शादी कराने की मांग पर अड़ी रही।

करीब दो घंटे तक पुलिस और प्रशासन युवती को समझाने में जुटे रहे। अधिकारियों ने उसे भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जाएगी और उसकी बात सुनी जाएगी।

भरोसा मिलने के बाद नीचे उतरी युवती

काफी देर तक चले समझाइश और बातचीत के बाद युवती आखिरकार टावर से नीचे उतरने को तैयार हो गई। युवती के सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

कोतवाली थाना प्रभारी वीरेंद्र मीणा ने बताया कि युवती से पूछताछ की जा रही है। वहीं युवक से भी मामले को लेकर जानकारी ली जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला

धौलपुर का यह प्रेम प्रसंग अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। किसी ने इसे मोहब्बत का जुनून बताया तो किसी ने इसे भावनात्मक दबाव बनाने की कोशिश करार दिया।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।