5 साल पुरानी सगाई का दर्दनाक अंत, मंगेतर ने युवती की हत्या कर परिवार को किया फोन...बाद में खुद ने भी खाया जहर

अजमेर के गेगल थाना इलाके में एक युवती की कथित तौर पर उसके मंगेतर ने हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी युवक पहले युवती को जहर देकर अपने साथ ले गया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद युवक ने खुद भी जहर खा लिया और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।

May 26, 2026 - 15:05
5 साल पुरानी सगाई का दर्दनाक अंत, मंगेतर ने युवती की हत्या कर परिवार को किया फोन...बाद में खुद ने भी खाया जहर
5 साल पुरानी सगाई का दर्दनाक अंत, मंगेतर ने युवती की हत्या कर परिवार को किया फोन...बाद में खुद ने भी खाया जहर

राजस्थान के अजमेर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर अपनी मंगेतर की हत्या करने का आरोप लगा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने पहले युवती को जहर दिया और बाद में उसका गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी जहर खा लिया और अपने परिजनों को इसकी सूचना दी।

यह पूरी घटना अजमेर जिले के गेगल थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

अस्पताल पहुंचने पर युवती को मृत घोषित किया गया

ग्रामीण सीओ रामचन्द्र चौधरी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक और युवती को किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल ले जाया गया है। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो पता चला कि युवती की मौत हो चुकी है, जबकि युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

फिलहाल आरोपी युवक किशनगढ़ के वाईएन अस्पताल में भर्ती है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी।

पांच साल पहले हुई थी सगाई

पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक और युवती की करीब पांच साल पहले सगाई हुई थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन सुबह करीब 8 बजे युवक युवती को घर से अपने साथ लेकर गया था। इसके बाद दोनों लंबे समय तक साथ रहे और इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, विवाद के बाद युवक ने पहले युवती को जहर दिया और बाद में उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस को शक है कि आरोपी पहले से ही वारदात की योजना बनाकर आया था, क्योंकि वह अपने साथ जहर लेकर पहुंचा था।

हत्या के बाद खुद भी खाया जहर

युवती की हत्या करने के बाद आरोपी युवक ने खुद भी जहर खा लिया। इसके बाद उसने अपनी दादी को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक बेसुध हालत में मिला, जबकि युवती मृत पड़ी थी।

परिजन दोनों को तुरंत किशनगढ़ के यज्ञनारायण अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक का इलाज जारी है।

एफएसएल और एमओबी टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की गंभीरता को देखते हुए गेगल थाना पुलिस ने एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया। जांच टीम ने घटनास्थल और कार से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति मौजूद था या नहीं।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आरोपी के बयान के बाद कई और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Web Desk Web Desk The Khatak