जयपुर में पिकअप की चपेट में आने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत, आम के गोदाम में माल उतारते समय हादसा

जयपुर के गलता थाना क्षेत्र में सड़क पर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची पिकअप वाहन की चपेट में आ गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गई बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई।

May 23, 2026 - 12:37
जयपुर में पिकअप की चपेट में आने से डेढ़ साल की बच्ची की मौत, आम के गोदाम में माल उतारते समय हादसा

राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसा गलता थाना क्षेत्र के लाल मस्जिद के पीछे स्थित बिलोचियान मोहल्ले में हुआ, जहां एक पिकअप वाहन आम के गोदाम में माल उतारने पहुंचा था। इसी दौरान सड़क पर खेल रही बच्ची वाहन की चपेट में आ गई।

हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सड़क पर खेल रही थी बच्ची

मृत बच्ची की पहचान डेढ़ साल की मन्नत पुत्री आलम निवासी फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। परिवार जयपुर में किराए के मकान में रहता है। बच्ची के पिता ठेला चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

परिजनों के अनुसार हादसे के समय मन्नत घर के बाहर सड़क पर खेल रही थी। उसी दौरान मुहाना मंडी से आम की पेटियां लेकर आई पिकअप गोदाम में सामान उतारने के लिए बैक हो रही थी और बच्ची उसकी चपेट में आ गई।

ड्राइवर ने अस्पताल पहुंचाया

गलता गेट थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना रात करीब 8:10 बजे मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिकअप ड्राइवर आम की पेटियां उतारने के लिए वाहन पीछे ले रहा था, तभी बच्ची वाहन के नीचे आ गई। हादसे के बाद ड्राइवर और गोदाम मालिक घायल बच्ची को तुरंत SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिकअप वाहन नंबर RJ14 GR 9914 को जब्त कर लिया है। चालक की पहचान थानागाजी निवासी मुकेश के रूप में हुई है।

चाचा ने लगाए गंभीर आरोप

मन्नत के चाचा जान मोहम्मद ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ने लापरवाही से वाहन चलाया। उन्होंने कहा कि बच्ची खेल रही थी और पिकअप चालक ने पहले उसके सिर पर और फिर हाथ पर वाहन चढ़ा दिया। परिजनों का आरोप है कि घटना पूरी तरह लापरवाही का परिणाम है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर ड्राइवर को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।

कॉलोनी में अवैध गोदामों पर लोगों का गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने इलाके में संचालित अवैध गोदामों को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि रिहायशी कॉलोनी में अवैध तरीके से गोदाम चलाए जा रहे हैं, जिससे लगातार भारी वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे फल मंडी जैसा माहौल रहता है। थड़ी-ठेले, बैटरी रिक्शा और मालवाहक गाड़ियां खड़ी रहने से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।

परिवार में पसरा मातम

मन्नत परिवार की सबसे छोटी संतान थी। उसके तीन बड़े भाई हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।