जयपुर के हरमाड़ा में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को उड़ाया, 20 फीट दूर गिरे; दोनों गंभीर घायल
जयपुर के हरमाड़ा इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों करीब 20 फीट दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
जयपुर में सड़क हादसे की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। हरमाड़ा थाना क्षेत्र के लोहा मंडी के पास रविवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार हवा में उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
रोड क्रॉस करते समय हुआ हादसा
हरमाड़ा SHO उदयभान के अनुसार, तरुपति विहार निवासी पुष्पेंद्र सिंह अपनी पत्नी वंदना कंवर के साथ बाइक पर सवार थे और सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान ओवरस्पीड में आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं।
CCTV वीडियो में कैद हुई घटना
सोमवार को इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मारती है और दोनों सवार दूर जा गिरते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
हादसे की सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तुरंत सीकेएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों को मल्टीपल फ्रैक्चर आए हैं और उन्हें ICU में रखा गया है।
कार छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद कार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।