मदन दिलावर बोले- राहुल गांधी अभी ‘बच्चा बुद्धि’, कब बड़े होंगे यह सोनिया गांधी बता सकती हैं !
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रोडवेज बस यात्रा के दौरान राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया। वहीं बस में फोटोशूट के दौरान आया ‘कैमरामैन अभी आ रहा है’ वाला डायलॉग सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने रविवार देर रात अजमेर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधा। राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलावर ने कहा कि “अभी बच्चा बुद्धि है।”
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि राहुल गांधी बड़े कब होंगे, तो मंत्री मुस्कुराते हुए बोले “यह तो सोनिया गांधी बता सकती हैं।” दिलावर का यह बयान अब राजनीतिक गलियारों के साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
रोडवेज बस से किया सफर
दरअसल, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पाली से कोटा के लिए राजस्थान रोडवेज बस से यात्रा कर रहे थे। अजमेर केंद्रीय बस स्टैंड पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राहुल गांधी के बयानों पर प्रतिक्रिया दी।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशहित में विदेश यात्राएं करते हैं और दूसरे देशों के साथ रणनीतिक तथा आर्थिक मुद्दों पर चर्चा के लिए ऐसे दौरे जरूरी होते हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा “मुंगेरीलाल के सपने देखने में क्या जाता है, देखते रहना चाहिए।”
कैमरे वाली टिप्पणी भी हुई वायरल
अजमेर से कोटा तक रोडवेज बस यात्रा के दौरान मंत्री मदन दिलावर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि फोटो खिंचवाने के बाद जैसे ही मंत्री सीट से उठने लगे, पीछे से किसी ने आवाज लगाई “साहब, बस में ही बिराजिए… कैमरामैन अभी आ रहा है!” इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठाने लगे कि यह सफर जनता से जुड़ने के लिए था या सिर्फ कैमरों के लिए।
खुद खरीदा टिकट, दिया 360 रुपए किराया
मदन दिलावर ने आम यात्रियों की तरह रोडवेज बस में सफर करते हुए खुद टिकट खरीदा। उन्होंने परिचालक प्रदीप सीरवी को 360 रुपए किराया भी दिया। मंत्री ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील से प्रेरित होकर बस से यात्रा कर रहे हैं।
अजमेर बस स्टैंड पर हुई विशेष व्यवस्था
रविवार रात करीब 12:10 बजे मंत्री मदन दिलावर अजमेर केंद्रीय बस स्टैंड पहुंचे। उनके आगमन को लेकर रोडवेज प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। यहां कुछ देर रुकने के बाद उन्होंने दूसरी बस से कोटा के लिए रवाना हुए।
सोशल मीडिया पर मिली मिली-जुली प्रतिक्रिया
एक तरफ भाजपा समर्थक मंत्री के रोडवेज सफर को सादगी और जनता से जुड़ाव बता रहे हैं, वहीं विपक्षी समर्थक इसे “कैमरा पॉलिटिक्स” करार दे रहे हैं।राहुल गांधी पर की गई टिप्पणी और कैमरे वाले वायरल डायलॉग ने इस पूरे घटनाक्रम को और ज्यादा चर्चाओं में ला दिया है।