पाली में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी पर किया जानलेवा हमला, 6 चाकू के वार से हत्या, बेटी भी घायल
पाली के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी पर चरित्र संदेह के चलते बेरहमी से हमला कर 6 चाकू के वार कर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आई बेटी भी घायल हो गई। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्थान के पाली जिले के खिंवाड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी पर चरित्र संदेह के चलते बेरहमी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पति नारायणलाल (40) ने अपनी पत्नी झूमली देवी (36) पर रात के समय उस वक्त हमला किया जब वह घर में सो रही थी। आरोपी ने पहले महिला के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह शोर न मचा सके, इसके बाद उस पर एक के बाद एक छह बार चाकू से वार किए।
हमले में महिला की छाती, हार्ट और फेफड़ों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान पास में सो रही बेटी ने जब अपनी मां को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे बेटी के हाथ में चोट लग गई। घायल बेटी किसी तरह बाहर भागी और पड़ोसियों को सूचना दी, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी वजह से दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब 5 साल पहले झूमली देवी अपने पति को छोड़कर पीहर में अपने पांच बच्चों के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि घटना से कुछ दिन पहले आरोपी ने पत्नी को भरोसा दिलाया था कि वह बदल गया है। 15 मई को वह मिठाई और कपड़े लेकर पीहर पहुंचा और परिवार को विश्वास में ले लिया। लेकिन 22 मई की रात उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, झूमली देवी मेहनत-मजदूरी कर अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी। उसकी मां कमला देवी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी था और पहले भी पत्नी के साथ मारपीट करता था तथा कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नारायणलाल को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।