‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर सुप्रीम कोर्ट सख्त नहीं: CBI जांच की मांग पर तत्काल सुनवाई से इनकार, बोले- इतनी भावुकता से मत लें

सुप्रीम Court ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़े लोगों की CBI जांच की मांग पर तुरंत सुनवाई से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि मामले को इतनी भावुकता से लेने की जरूरत नहीं है। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल हुई CJP के इंस्टाग्राम पर 2.29 करोड़ फॉलोअर्स हो चुके हैं।

May 25, 2026 - 14:54
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर सुप्रीम कोर्ट सख्त नहीं: CBI जांच की मांग पर तत्काल सुनवाई से इनकार, बोले- इतनी भावुकता से मत लें

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई “कॉकरोच जनता पार्टी” (CJP) से जुड़े लोगों की गतिविधियों की CBI जांच कराने की मांग पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि इस मामले को “इतनी भावुकता से लेने” की जरूरत नहीं है।

दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी नाम का सोशल मीडिया अभियान भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की उस टिप्पणी के बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा था कि “कुछ युवा कॉकरोच की तरह भटक रहे हैं।” इसके बाद सोशल मीडिया पर इस नाम से पार्टी जैसे पेज और अभियान वायरल हो गए।

सुप्रीम कोर्ट में क्या हुआ?

यह याचिका एडवोकेट राजा चौधरी की ओर से दायर की गई थी। याचिका में कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े लोगों और कथित फर्जी वकीलों की जांच की मांग की गई थी। साथ ही सुप्रीम कोर्ट की मौखिक टिप्पणियों के “कमर्शियलाइजेशन” पर कार्रवाई की अपील भी की गई।

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील एनके गोस्वामी ने कहा कि CJP न्यायपालिका की छवि खराब कर रही है। इस पर चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वीएम पंचोली की बेंच ने कहा- “इसे इतनी भावुकता से मत लें।”

कोर्ट ने यह भी कहा कि फिलहाल ऐसा कोई गंभीर आपात मामला नहीं है, जिस पर तुरंत हस्तक्षेप की जरूरत हो।

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई CJP

कॉकरोच जनता पार्टी नाम का सोशल मीडिया पेज 16 मई को अभिजीत दीपके ने बनाया था। देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगा। सोमवार दोपहर तक इंस्टाग्राम पर CJP के करीब 2.29 करोड़ फॉलोअर्स हो चुके थे, जो कई राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से भी ज्यादा बताए जा रहे हैं।

CJP का पहला X अकाउंट 21 मई को ब्लॉक कर दिया गया था। उस समय उसके करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स थे। इसके बाद नया अकाउंट बनाया गया, जिसका नाम “Cockroach is Back” रखा गया। इसके बायो में लिखा गया- “Cockroach Don’t Die” यानी “कॉकरोच मरते नहीं।”

25 मई तक नए X अकाउंट पर भी करीब 2.27 लाख फॉलोअर्स पहुंच गए।

फाउंडर के घर के बाहर पुलिस तैनात

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में CJP फाउंडर अभिजीत दीपके के घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। डीसीपी पंकज अतुलकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर मामला ट्रेंड कर रहा है, इसलिए एहतियातन सुरक्षा बढ़ाई गई है ताकि वहां भीड़ इकट्ठा न हो।

हालांकि पुलिस ने किसी प्रकार की आधिकारिक धमकी मिलने से इनकार किया है।

वेबसाइट बंद होने का दावा

अभिजीत दीपके ने 24 मई को दावा किया था कि उनकी पार्टी की वेबसाइट बंद कर दी गई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वेबसाइट पर 10 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था और करीब 6 लाख लोगों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली ऑनलाइन याचिका पर हस्ताक्षर किए थे। फिलहाल वेबसाइट खोलने पर “This Site Can’t Be Reached” का मैसेज दिखाई दे रहा है।

कैसे वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

15 मई को CJI की टिप्पणी सामने आने के बाद 16 मई को CJP के सोशल मीडिया अकाउंट बनाए गए। 17 मई से फॉलोअर्स तेजी से बढ़ने लगे और 18-19 मई तक यह देशभर में ट्रेंडिंग टॉपिक बन गया। 20 मई तक इंस्टाग्राम पर इसके 66 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके थे। इसके बाद यह सोशल मीडिया पर सबसे तेजी से बढ़ने वाले अभियानों में शामिल हो गया।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।