जोधपुर के एमडीएम हॉस्पिटल में नवजात का शव मिलने से सनसनी: बाथरूम के कमोड में मिला मासूम, CCTV खंगाल रही पुलिस
जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में बाथरूम के कमोड से नवजात का शव मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अस्पताल रिकॉर्ड खंगालकर मामले की जांच में जुटी है।
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर स्थित मथुरादास माथुर (एमडीएम) हॉस्पिटल में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्पताल के शिशु रोग विभाग के जनाना विंग के शौचालय में एक नवजात शिशु का शव मिला। नवजात का शव कमोड के अंदर मिला, जिसकी स्थिति देखकर अस्पताल स्टाफ और मरीजों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे अस्पताल के बाथरूम की सफाई के दौरान शौचालय के कमोड में नवजात शिशु का शव दिखाई दिया। शव इस तरह पड़ा था कि उसका मुंह कमोड के अंदर था, जबकि हाथ और पैर ऊपर की ओर थे। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एमडीएम हॉस्पिटल के उप अधीक्षक डॉ. दीपक टाक ने बताया कि शिशु रोग विभाग के जनाना विंग स्थित शौचालय में नवजात मिला था। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। अस्पताल में उसी दिन हुई डिलीवरी का पूरा रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, नवजात की गर्भनाल भी नहीं कटी हुई थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का जन्म कुछ ही समय पहले हुआ होगा। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर नवजात को इस हालत में अस्पताल के बाथरूम में क्यों छोड़ा गया।
हेड कॉन्स्टेबल गंगाराम ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई। अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके।
अस्पताल में मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि देर रात एक युवक और युवती जांच करवाने अस्पताल आए थे। आशंका जताई जा रही है कि संभवतः वही नवजात को छोड़कर गए हों, हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस और अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक संवेदनाओं को लेकर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।