पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर मदन राठौड़ बोले- मैं खुद ट्रेन से बीकानेर जा रहा हूं, जनता भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाए
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच जयपुर से बीकानेर ट्रेन से रवाना हुए। सीकर स्टेशन पर उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने से जनता पर भार बढ़ता है, इसलिए जहां ट्रेन उपलब्ध हो वहां सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना चाहिए।
देशभर में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील की है। सोमवार को जयपुर से बीकानेर जाते समय सीकर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने से निश्चित रूप से आम जनता पर आर्थिक भार बढ़ता है। ऐसे समय में जहां ट्रेन जैसी सुविधा उपलब्ध हो, वहां लोगों को पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा उपयोग करना चाहिए।
दरअसल, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बीकानेर दौरे के चलते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ जयपुर से बीकानेर के लिए रवाना हुए थे। उन्होंने सड़क मार्ग की बजाय ट्रेन यात्रा को चुना। राठौड़ गाड़ी संख्या 07053 गंगानगर स्पेशल ट्रेन से बीकानेर जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
“प्रधानमंत्री मोदी भी ईंधन बचाने की अपील कर रहे”
सीकर रेलवे स्टेशन पर राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार पेट्रोल और डीजल की बचत करने की अपील कर रहे हैं। ऐसे में आमजन को भी सार्वजनिक परिवहन अपनाकर ईंधन की खपत कम करने में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि ट्रेन की सुविधा उपलब्ध है तो व्यक्तिगत वाहनों के बजाय ट्रेन से यात्रा करना बेहतर विकल्प है। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
पेट्रोल-डीजल कीमतों पर विपक्ष को जवाब
देश में 11 दिनों के भीतर चौथी बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने के सवाल पर मदन राठौड़ ने कहा कि पूरी दुनिया में तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है और उसका असर भारत पर भी पड़ा है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका में पेट्रोल-डीजल के दामों में करीब 56 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। कई देशों में 40 से 48 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ी हैं, जबकि भारत में यह बढ़ोतरी अपेक्षाकृत कम है। राठौड़ ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के कारण भारत अन्य देशों की तुलना में बेहतर स्थिति में है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पेट्रोल-डीजल पर 36 प्रतिशत तक वैट बढ़ाया गया था, इसलिए वर्तमान हालात की तुलना उस दौर से करना उचित नहीं है।
सीकर स्टेशन पर हुआ स्वागत
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के सीकर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, गजानंद कुमावत, रतनलाल जलधारी, जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, वीरेंद्र दीपपुरा और ओमेंद्र सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।
ट्रेन सीकर स्टेशन पर करीब पांच मिनट रुकी, जिसके बाद राठौड़ बीकानेर के लिए रवाना हो गए।
देरी से पहुंची ट्रेन
जानकारी के अनुसार गंगानगर स्पेशल ट्रेन जयपुर से करीब 1 घंटे 20 मिनट की देरी से रवाना हुई थी। ट्रेन को सुबह 9:20 बजे सीकर पहुंचना था, लेकिन यह करीब 11:15 बजे स्टेशन पहुंची। निर्धारित ठहराव के बाद ट्रेन 11:20 बजे आगे रवाना हुई।