अमेरिकी विदेश मंत्री का जयपुर दौरा कल, आमेर महल 4 घंटे बंद; 24 इलाकों में ड्रोन उड़ाने पर रोक
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर दौरे पर रहेंगे। आमेर महल, सिटी पैलेस और हाथी गांव के संभावित दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।
राजस्थान की राजधानी जयपुर एक बार फिर वैश्विक कूटनीति और सांस्कृतिक मेहमाननवाजी का केंद्र बनने जा रही है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को जयपुर दौरे पर पहुंचेंगे। उनका यह दौरा केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक कूटनीति और भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशासन, पर्यटन विभाग और सुरक्षा एजेंसियों ने उनके दौरे को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार मार्को रूबियो सोमवार दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे जयपुर के प्रसिद्ध हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस जाएंगे, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था की गई है। वे एक दिन जयपुर में रुकेंगे और मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
आमेर महल में होगा पारंपरिक राजस्थानी स्वागत
मार्को रूबियो के दौरे का सबसे खास हिस्सा आमेर महल का भ्रमण माना जा रहा है। वे सोमवार को आमेर महल और सिटी पैलेस का दौरा करेंगे। उनके स्वागत के लिए आमेर महल के जलेब चौक में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राजस्थानी लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा कठपुतली कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी स्वयं उनकी अगवानी करेंगी।
रूबियो के दौरे को देखते हुए आमेर महल को सोमवार दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा। इस दौरान केवल सुरक्षा एजेंसियों और अधिकृत अधिकारियों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी।
हाथी गांव जाने की भी संभावना
सूत्रों के मुताबिक अमेरिकी विदेश मंत्री के हाथी गांव जाने की भी संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर हाथी गांव में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। यहां तालाब के पास हाथियों को सजाकर खड़ा किया जाएगा और विदेशी मेहमान के स्वागत की पारंपरिक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशासन की ओर से हाथियों को फल खिलाने की व्यवस्था भी की जा रही है। हाथी गांव विकास समिति के पदाधिकारियों के अनुसार रूबियो को राजस्थान में हाथियों के संरक्षण, देखभाल और उनके लिए बनाई गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी जा सकती है।
यदि यह दौरा होता है तो यह जयपुर की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का अवसर माना जा रहा है।
रामबाग पैलेस में ठहरेंगे रूबियो
मार्को रूबियो जयपुर के प्रतिष्ठित हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। होटल प्रशासन ने उनके स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए होटल परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
रामबाग पैलेस पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं और मशहूर हस्तियों की मेजबानी कर चुका है। ऐसे में रूबियो का यहां ठहरना जयपुर की शाही मेहमाननवाजी को फिर से वैश्विक चर्चा में ला सकता है।
जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
रूबियो के दौरे को लेकर जयपुर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। जयपुर पुलिस ने 25 और 26 मई को शहर के 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
एडिशनल कमिश्नर योगेश दाधीच द्वारा जारी आदेश के अनुसार सांगानेर, एयरपोर्ट, जवाहर सर्किल, मालवीय नगर, बजाज नगर, गांधी नगर, मोती डूंगरी, एसएमएस, जवाहर नगर, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, लालकोठी, अशोक नगर, विधायकपुरी, कोतवाली, माणक चौक, नाहरगढ़ रोड, संजय सर्किल, रामगंज, गलता गेट, सुभाष चौक, ब्रह्मपुरी, जयसिंहपुरा खोर और आमेर थाना क्षेत्रों में ड्रोन संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा एयरपोर्ट से लेकर आमेर महल और रामबाग पैलेस तक विशेष निगरानी रखी जा रही है। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और कमांडो तैनात किए गए हैं।
इससे पहले भी आ चुके हैं कई बड़े विदेशी नेता
जयपुर इससे पहले भी कई बड़े अंतरराष्ट्रीय नेताओं की मेजबानी कर चुका है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी जयपुर दौरे पर आ चुके हैं। दोनों नेताओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया था और हाथियों ने भी उनका अभिनंदन किया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि मार्को रूबियो का यह दौरा भारत और अमेरिका के मजबूत संबंधों के साथ-साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को भी वैश्विक मंच पर नई पहचान देगा। जयपुर की ऐतिहासिक धरोहर, लोक कला, संस्कृति और मेहमाननवाजी दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।