इंस्टाग्राम पर दोस्ती, फिर बुलाकर किडनैप: युवक के आधे बाल काटे, मारपीट कर लूटे रुपए-बाइक
बांसवाड़ा में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती युवक को भारी पड़ गई। युवती के बुलाने पर पहुंचे युवक का अपहरण कर आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट की, सिर के आधे बाल काट दिए और मोबाइल, नकदी व बाइक लूट ली। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक युवक के लिए दर्दनाक साबित हुई। इंस्टाग्राम पर एक युवती से जान-पहचान के बाद युवक को मिलने बुलाया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही उसके साथ ऐसा हुआ जिसने सभी को हैरान कर दिया।
मामला सज्जनगढ़ थाना क्षेत्र का है, जहां युवती के बुलाने पर पहुंचे युवक का रास्ता रोककर अपहरण कर लिया गया। आरोपियों ने युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, उसके सिर के आधे बाल काट दिए और मोबाइल, नकदी व मोटरसाइकिल लूट ली। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम पर हुई थी पहचान
थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार करीब 10 से 15 दिन पहले युवक की इंस्टाग्राम पर एक युवती से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
19 अप्रैल को युवती ने युवक को फोन कर स्कूल के पास मिलने बुलाया। युवक बताए गए स्थान पर पहुंचा तो युवती ने उसे गुजरात छोड़ने के लिए कहा। युवक ने मना किया, लेकिन युवती जबरदस्ती उसकी बाइक पर बैठ गई।
रास्ता रोककर किया अपहरण
पीड़ित के अनुसार करीब आधा किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद दो युवक पल्सर बाइक पर आए और उसकी बाइक रुकवा ली। इसके बाद युवती मौके से चली गई।
आरोप है कि दोनों युवक उसे जबरन उठाकर जीवन नाम के युवक के घर ले गए। वहां पहुंचते ही उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए गए।
बेरहमी से मारपीट, काटे आधे बाल
पीड़ित ने बताया कि घर में मौजूद 5 से 7 लोगों ने मिलकर उसके साथ लात-घूसों से मारपीट की। आरोपियों ने उसके सिर के आधे बाल भी काट दिए।
युवक का कहना है कि देर रात करीब 1 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया और अपने घर ले गया। लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए और दोबारा उसके साथ मारपीट की।
मोबाइल, नकदी और बाइक लूटी
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन, 8 हजार रुपए नकद और मोटरसाइकिल भी छीन ली। घटना की सूचना मिलने के बाद सज्जनगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित छुड़ाया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम कर रही अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में कार्रवाई की गई। थानाधिकारी धनपत सिंह के नेतृत्व में गठित टीम में एएसआई भरत कुमार, हेड कॉन्स्टेबल मानसिंह, कॉन्स्टेबल जयंतीलाल और दुष्यन्त शामिल रहे।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही युवती की भूमिका की भी जांच की जा रही है।