बाड़मेर में A कैटेगरी की हथियारबंद नाकाबंदी, सख्त चैकिंग में लाइसेंसी बंदूक मिलने पर जांच के बाद छोड़ा
बाड़मेर में पुलिस ने A कैटेगरी की हथियारबंद नाकाबंदी कर जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर प्लेट और नियमों के विरुद्ध वाहनों पर कार्रवाई की गई। एक व्यक्ति के पास लाइसेंसी बंदूक मिलने पर उसके दस्तावेजों की जांच कर उसे छोड़ दिया गया।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में रविवार को पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से A कैटेगरी की हथियारबंद नाकाबंदी की। जिलेभर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने हर आने-जाने वाले वाहन को रोककर गहनता से चैकिंग की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों, काली फिल्म लगी गाड़ियों और नियमों के विरुद्ध एक्सेसरीज (गाटर) लगाए वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। सिणधरी रोड पर कई वाहनों के चालान काटे गए, वहीं मौके पर ही अवैध एक्सेसरीज हटवाई गई।
चैकिंग के दौरान एक सवारी के पास बंदूक भी बरामद हुई, जिससे मौके पर हलचल मच गई। हालांकि जांच में सामने आया कि बंदूक लाइसेंसी थी। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति से लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की गहन जांच की। सभी कागजात सही पाए जाने पर उसे जाने दिया गया।नाकाबंदी अभियान बाड़मेर शहर के चौहटन सर्किल, सिणधरी रोड, अहिंसा सर्किल समेत कई प्रमुख स्थानों पर चलाया गया। इस दौरान कोतवाली थाना, सदर थाना, रीको थाना और ग्रामीण थाना पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं।
बाड़मेर के नवनियुक्त एसपी चूनाराम जाट के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। उन्होंने जिले में अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्ती से जांच करने के निर्देश दिए हैं।
रीको थानाधिकारी चैन प्रकाश ने बताया कि नाकाबंदी के दौरान हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी गई। उन्होंने कहा कि लाइसेंसधारी हथियार मिलने पर दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी गई। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे नाकाबंदी के दौरान पुलिस का सहयोग करें, ताकि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।