वसुंधरा राजे का बड़ा बयान: ‘दल बदल सकते हैं, लेकिन दिल नहीं’, बोलीं- अवसरवादियों को नहीं, समर्पित कार्यकर्ताओं को मिले मौका
जयपुर में बीजेपी स्थापना दिवस कार्यक्रम में वसुंधरा राजे ने कहा कि दल बदलने से मानसिकता नहीं बदलती। उन्होंने समर्पित कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने और अवसरवादियों से सावधान रहने की बात कही।
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन, विचारधारा और समर्पण को लेकर बड़ा बयान दिया।
उन्होंने साफ कहा कि राजनीति में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और कई नेता दल बदलते हैं, लेकिन हर बार उनकी सोच नहीं बदलती।
‘दल बदलते हैं, लेकिन दिल नहीं’
वसुंधरा राजे ने कहा कि कुछ लोग दल तो बदल लेते हैं, लेकिन उनकी मानसिकता वही रहती है। वहीं कुछ ऐसे भी होते हैं, जो पार्टी में पूरी तरह घुल-मिल जाते हैं, जैसे “दूध में शक्कर”।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी को असली खतरा उन लोगों से है, जो सिर्फ अपने बारे में सोचते हैं, न कि संगठन के भविष्य के बारे में।
‘अवसरवादियों से खतरा’
राजे ने कहा कि पार्टी में अवसरवादियों को नहीं, बल्कि उन कार्यकर्ताओं को मौका मिलना चाहिए, जिन्होंने वर्षों तक संगठन के लिए संघर्ष किया है और जिनमें विचारधारा के प्रति निष्ठा है।
उन्होंने कहा कि नियुक्तियां और जिम्मेदारियां उन्हीं लोगों को मिलनी चाहिए, जो पार्टी के मूल कार्यकर्ता हैं और जिन्होंने कठिन समय में भी पार्टी का साथ नहीं छोड़ा।
‘पद के पीछे नहीं, काम के पीछे भागो’
कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि पद पाने के लिए काम मत करो, बल्कि काम करो, पद खुद आपके पास आएगा।
इस दौरान उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और लाल कृष्ण आडवाणी का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने उनकी माता विजयाराजे सिंधिया को पार्टी की कमान सौंपने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने उसे स्वीकार नहीं किया।
सीएम भजनलाल शर्मा ने फहराया ध्वज
इससे पहले, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश बीजेपी कार्यालय और अपने आवास पर पार्टी का ध्वज फहराया।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सीएम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य में सरकार होने के कारण जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने पार्टी को “अजेय” बनाने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया।
बीजेपी कार्यालय में सीएम कक्ष का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीजेपी प्रदेश कार्यालय में अपने लिए तैयार नए कक्ष का उद्घाटन भी किया।
करीब ढाई साल बाद तैयार हुए इस कक्ष को “कमरा नंबर-5” के रूप में मुख्यमंत्री के लिए आरक्षित किया गया है। यहां सीएम पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को यही कक्ष आवंटित किया गया था।