राजस्थान-मध्य प्रदेश सहित 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, जानिए कब होगी वोटिंग
चुनाव आयोग ने राज्यसभा की 24 खाली हो रही सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है।
चुनाव आयोग (ECI) ने राज्यसभा की 24 खाली हो रही सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक समेत 10 राज्यों की सीटों पर 18 जून 2026 को मतदान कराया जाएगा। इस संबंध में चुनाव आयोग ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
इन चुनावों में कई बड़े राजनीतिक नेताओं की सियासी परीक्षा होने वाली है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन जैसे नेताओं का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
1 जून से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना 1 जून को जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।
18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी। आयोग ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी।
बैंगनी स्केच पेन से ही होगा मतदान
चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को लेकर विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। आयोग के अनुसार राज्यसभा चुनाव में विधायक मतपत्र पर अपनी प्राथमिकता दर्ज करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी (वायलेट) रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल कर सकेंगे।
किसी अन्य पेन से मतदान करने पर मतपत्र अमान्य माना जा सकता है। आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) की तैनाती का भी फैसला लिया है।
किन राज्यों में कितनी सीटों पर चुनाव
राज्यसभा चुनाव के तहत विभिन्न राज्यों में खाली हो रही सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
- आंध्र प्रदेश – 4 सीटें
- गुजरात – 4 सीटें
- कर्नाटक – 4 सीटें
- मध्य प्रदेश – 3 सीटें
- राजस्थान – 3 सीटें
- झारखंड – 2 सीटें
- मणिपुर – 1 सीट
- मेघालय – 1 सीट
- अरुणाचल प्रदेश – 1 सीट
- मिजोरम – 1 सीट
झारखंड की एक सीट झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रमुख शिबू सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी।
इन नेताओं पर रहेगी खास नजर
इस चुनाव में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की कर्नाटक से वापसी लगभग तय मानी जा रही है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा की राज्यसभा वापसी बीजेपी के समर्थन पर निर्भर करेगी।
इसके अलावा केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं। बिट्टू फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजती है या पंजाब विधानसभा चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी देती है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और अन्य दलों के कई नेताओं के राजनीतिक भविष्य पर भी इन चुनावों का असर देखने को मिलेगा।
सियासी समीकरणों पर रहेगी नजर
राज्यसभा चुनावों में विधायकों के वोट के आधार पर उम्मीदवारों की जीत तय होती है। ऐसे में जिन राज्यों में बहुमत का अंतर कम है, वहां राजनीतिक जोड़तोड़ और क्रॉस वोटिंग की संभावना भी चर्चा में रहेगी।
राजस्थान, कर्नाटक और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में पार्टियों की रणनीति और उम्मीदवार चयन पर राजनीतिक गलियारों की नजर टिकी हुई है।