पिता की डांट से नाराज युवक रेलवे के बिजली पोल पर चढ़ा, करंट लगते ही बीच में अटका; हालत गंभीर

जैसलमेर के रामदेवरा में पिता की डांट से नाराज एक युवक रेलवे के बिजली पोल पर चढ़ गया। इस दौरान करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया और पोल के बीच फंस गया। लोगों ने उसे नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां से जोधपुर रेफर किया गया।

May 22, 2026 - 15:05
पिता की डांट से नाराज युवक रेलवे के बिजली पोल पर चढ़ा, करंट लगते ही बीच में अटका; हालत गंभीर

जैसलमेर जिले के रामदेवरा कस्बे में शुक्रवार सुबह एक युवक ने गुस्से में अपनी जान जोखिम में डाल दी। पिता की डांट से नाराज होकर युवक रेलवे लाइन के बिजली पोल पर चढ़ गया। इस दौरान उसे करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और पोल के बीच बने हिस्से में फंस गया।

घटना रामदेवरा रेलवे स्टेशन के पास सुबह करीब 9:30 बजे हुई। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को पोल से नीचे उतारकर तत्काल पोकरण अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जोधपुर रेफर कर दिया।

दुकान समय पर नहीं खोलने पर पिता ने लगाई थी डांट

स्थानीय लोगों के अनुसार रामदेवरा की भील बस्ती निवासी नरपत राम (25) पुत्र बाबूराम की पोकरण रोड बाइपास पर नमकीन और बिस्किट की छोटी दुकान है।

शुक्रवार सुबह दुकान समय पर नहीं खोलने को लेकर पिता बाबूराम ने बेटे नरपत को डांट दिया। इस बात से युवक नाराज हो गया और घर से निकलकर रेलवे स्टेशन के पास पहुंच गया।

रेलवे के बिजली पोल पर चढ़ा, लगा करंट

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गुस्से में नरपत रेलवे लाइन के बिजली पोल पर चढ़ गया। पोल पर चढ़ते समय वह हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया।

करंट लगने से युवक का शरीर झुलस गया, लेकिन वह नीचे नहीं गिरा। वह पोल के बीच बने ब्लॉक में फंसकर लटक गया। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

लोगों ने बचाई जान

स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को पोल से नीचे उतारा और निजी वाहन से पोकरण जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया।

घरेलू विवाद के चलते उठाया कदम

रामदेवरा थानाधिकारी राम गोदारा ने बताया कि युवक के घर में घरेलू विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। युवक के शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया है और फिलहाल उसका इलाज जोधपुर में चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।