‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से डर गए माता-पिता! बोले- बेटा कहीं गिरफ्तार न हो जाए… रातों की नींद उड़ी
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ सोशल मीडिया पर रिकॉर्ड तेजी से वायरल हो रही है, लेकिन इसके फाउंडर अभिजीत दीपके के माता-पिता डरे हुए हैं।
सोशल मीडिया पर अचानक वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब सिर्फ एक इंटरनेट ट्रेंड नहीं रही, बल्कि राष्ट्रीय बहस का विषय बन चुकी है। करोड़ों फॉलोअर्स के साथ तेजी से लोकप्रिय हो रहे इस डिजिटल प्लेटफॉर्म ने जहां युवाओं के बीच नई राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है, वहीं इसके फाउंडर अभिजीत दीपके के परिवार की चिंता भी बढ़ा दी है।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले अभिजीत के माता-पिता ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि उन्हें डर है कि उनका बेटा किसी बड़ी मुसीबत में पड़ सकता है। परिवार को आशंका है कि बढ़ती लोकप्रियता के कारण अभिजीत को गिरफ्तार भी किया जा सकता है।
मां बोलीं- “बस बेटा सुरक्षित लौट आए”
अभिजीत की मां अनीता दीपके ने कहा कि वे अपने बेटे को राजनीति में नहीं देखना चाहतीं। उन्होंने कहा-
“हम बस यही चाहते हैं कि वह सुरक्षित घर लौट आए। राजनीति में रहेगा या नहीं, यह उसका फैसला होगा, लेकिन मैं नहीं चाहती कि वह इसे आगे बढ़ाए।” उन्होंने बताया कि जब अभिजीत पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ काम कर रहा था, तब भी उन्होंने उसे राजनीति से दूर रहने की सलाह दी थी।
पिता बोले- “रातों की नींद उड़ गई”
अभिजीत के पिता भगवान दीपके ने कहा कि मौजूदा माहौल में डर लगना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा- “वह मशहूर हो गया है और ऐसे लोगों को अक्सर निशाना बनाया जाता है। पिछले दो दिनों से मैं सो नहीं पाया हूं। डर है कि उसके साथ क्या हो सकता है।” परिवार का कहना है कि अभिजीत ने खुद भी भारत लौटने पर गिरफ्तारी की आशंका जताई है।
CJI के बयान से शुरू हुआ पूरा मामला
दरअसल, 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि कुछ युवा “कॉकरोच की तरह भटक रहे हैं।”
इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिली। अगले ही दिन 16 मई को सुबह 11:33 बजे अभिजीत दीपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च कर दिया।
देखते ही देखते यह प्लेटफॉर्म वायरल हो गया और इसके इंस्टाग्राम फॉलोअर्स करोड़ों में पहुंच गए। शुक्रवार दोपहर तक पार्टी के इंस्टाग्राम पर करीब 2 करोड़ फॉलोअर्स हो चुके थे, जो कई राष्ट्रीय राजनीतिक दलों से भी ज्यादा बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर क्यों छा गई CJP?
कॉकरोच जनता पार्टी ने युवाओं की बेरोजगारी, महंगाई और सिस्टम से नाराजगी जैसे मुद्दों को मीम्स और व्यंग्य के जरिए उठाया। पार्टी ने खुद को “आलसी और बेरोजगार युवाओं की आवाज” बताया। इसका स्लोगन रखा गया- “Secular, Socialist, Democratic, Lazy” सोशल मीडिया पर #CockroachJantaParty तेजी से ट्रेंड हुआ। हजारों युवाओं ने अपने बायो में कॉकरोच इमोजी लगाना शुरू कर दिया।
पार्टी का मैनिफेस्टो भी वायरल
CJP ने अपने मैनिफेस्टो में कई बड़े वादे किए हैं। इनमें शामिल हैं—
- महिलाओं को 50% आरक्षण
- दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक
- वोट डिलीट करने पर सख्त कार्रवाई
- मीडिया लाइसेंस की समीक्षा
- बेरोजगार युवाओं की आवाज को मंच देना
हालांकि यह प्लेटफॉर्म अभी तक चुनाव आयोग में पंजीकृत राजनीतिक दल नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है।
X अकाउंट ब्लॉक, फिर भी नहीं रुका अभियान
21 मई को CJP का पुराना X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। इसके बाद नया अकाउंट “Cockroach Is Back” नाम से बनाया गया। नए अकाउंट के बायो में लिखा गया “Cockroaches Don’t Die” कुछ ही घंटों में नए अकाउंट पर भी लाखों फॉलोअर्स जुड़ गए। अभिजीत ने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने की कोशिश का भी आरोप लगाया।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई की है और फिलहाल अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन से मास्टर्स कर रहे हैं। वे पहले आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट रह चुके हैं और 2020 दिल्ली विधानसभा चुनाव में डिजिटल कैंपेन संभाल चुके हैं। अभिजीत लंबे समय से सोशल मीडिया पर राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
युवाओं के बीच क्यों बन रही पहचान?
विशेषज्ञ मानते हैं कि CJP की लोकप्रियता के पीछे तीन बड़े कारण हैं
- युवाओं की बेरोजगारी को लेकर गुस्सा
- मीम्स और सोशल मीडिया के जरिए सीधा कनेक्शन
- सिस्टम पर व्यंग्यात्मक लेकिन आक्रामक शैली
देशभर में कई जगह लोग कॉकरोच की पोशाक पहनकर प्रदर्शन और सफाई अभियान करते भी नजर आए हैं।