राजस्थान में सरस दूध हुआ महंगा: आज से बढ़ीं नई कीमतें, दही-छाछ और पनीर भी महंगे

राजस्थान में सरस डेयरी ने दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 21 मई 2026 से लागू हो गई हैं। दूध के साथ दही, लस्सी, छाछ और पनीर भी महंगे हो गए हैं।

May 21, 2026 - 14:24
राजस्थान में सरस दूध हुआ महंगा: आज से बढ़ीं नई कीमतें, दही-छाछ और पनीर भी महंगे

देशभर में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब राजस्थान में भी देखने को मिला है। अमूल और मदर डेयरी के बाद अब सरस डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। जयपुर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड (जयपुर डेयरी) ने दूध के सभी वेरिएंट्स के उपभोक्ता विक्रय मूल्य में 2 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि करने का फैसला लिया है। नई दरें 21 मई 2026 गुरुवार शाम से लागू कर दी गई हैं।

डेयरी प्रशासन का कहना है कि भीषण गर्मी, पशु आहार, बिजली, ट्रांसपोर्ट और पैकेजिंग लागत में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह फैसला लेना जरूरी हो गया था। इसके साथ ही लाखों पशुपालकों को आर्थिक राहत देने के लिए दूध खरीद दरों में भी बढ़ोतरी की गई है।

सरस दूध की नई कीमतें

नई दरों के अनुसार अब उपभोक्ताओं को सरस दूध के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

  • सरस ताजा दूध (टोंड) – आधा लीटर 28 रुपए, 1 लीटर 56 रुपए
  • सरस स्मार्ट दूध (DTM) – आधा लीटर 24 रुपए, 1 लीटर 48 रुपए
  • सरस गोल्ड दूध – आधा लीटर 35 रुपए, 1 लीटर 70 रुपए
  • सरस स्टैंडर्ड दूध (शक्ति) – आधा लीटर 31 रुपए, 1 लीटर 62 रुपए

दही, पनीर और छाछ भी महंगे

दूध के अलावा अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है।

  • सरस पनीर 200 ग्राम – 80 रुपए
  • सरस पनीर 1 किलो – 385 रुपए
  • सरस दही 200 ग्राम – 18 रुपए
  • सरस दही 400 ग्राम – 36 रुपए
  • सरस सादा छाछ 500 मिली – 17 रुपए
  • सरस लस्सी 250 मिली – 17 रुपए
  • सरस नमकीन छाछ 250 मिली – 15 रुपए

पशुपालकों को मिलेगा सीधा फायदा

जयपुर डेयरी ने दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाली खरीद दर में 25 रुपए प्रति किलोग्राम फैट की वृद्धि की है। अब पशुपालकों को 850 रुपए की जगह 875 रुपए प्रति किलोग्राम फैट के हिसाब से भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा 2 रुपए प्रति किलो की फिक्स राशि और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक सम्बल योजना के तहत मिलने वाला 5 रुपए प्रति लीटर अनुदान पहले की तरह जारी रहेगा।

डेयरी के अनुसार इस फैसले से जयपुर, दौसा और कोटपूतली क्षेत्र के लाखों दुग्ध उत्पादकों को हर महीने करीब 6 करोड़ रुपए का अतिरिक्त फायदा मिलेगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

क्यों बढ़ानी पड़ी कीमतें?

जयपुर डेयरी के प्रवक्ता के मुताबिक, डीजल, पेट्रोल, एलडीओ, बिजली, ट्रांसपोर्टेशन और पैकेजिंग सामग्री की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे डेयरी संचालन की लागत काफी बढ़ गई थी।

डेयरी का कहना है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण दूध की निर्बाध सप्लाई बनाए रखने के लिए कीमतों में सीमित बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।