दुकान के ताले तोड़कर लाखों का सामान चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: CCTV फुटेज से हुई पहचान, पूछताछ में कबूली वारदात
अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में किराना दुकान के ताले तोड़कर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला और परफ्यूम चोरी करने की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर चोरी का सामान बरामद करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में किराना दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने देर रात दुकान के ताले तोड़कर महंगी बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला, परफ्यूम समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है और चोरी किया गया माल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार डायनेस्टी अपार्टमेंट, कोटड़ा निवासी मधुसूदन तोषनीवाल ने 19 मई को हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी किराना स्टोर की दुकान निराला अपार्टमेंट के बाहर स्थित है। रात के समय अज्ञात बदमाश दुकान के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और वहां रखा कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो संदिग्ध युवक दुकान के आसपास घूमते और वारदात को अंजाम देते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हाथीखेड़ा निवासी लखपति रावत और पुष्कर निवासी जितेन्द्र कुमार को हिरासत में लिया।
थाने में पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस चोरी किया गया सामान बरामद करने और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।