‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X अकाउंट भारत में बैन: 6 दिन में इंस्टाग्राम पर 1.26 करोड़ फॉलोअर्स, BJP से भी आगे निकली

CJI सूर्यकांत की ‘कॉकरोच’ टिप्पणी के विरोध में बनी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का X अकाउंट भारत में बैन कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए इस प्लेटफॉर्म ने महज 6 दिनों में करोड़ों फॉलोअर्स जुटाकर राजनीतिक और डिजिटल बहस को नई दिशा दे दी।

May 21, 2026 - 13:55
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का X अकाउंट भारत में बैन: 6 दिन में इंस्टाग्राम पर 1.26 करोड़ फॉलोअर्स, BJP से भी आगे निकली

चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत की कथित ‘कॉकरोच’ टिप्पणी के विरोध में शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है। गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) ने भारत में पार्टी के आधिकारिक अकाउंट को बैन कर दिया।

X की ओर से बताया गया कि यह कार्रवाई स्थानीय कानूनों, कानूनी शिकायत या कोर्ट आदेश के आधार पर की गई है। हालांकि प्लेटफॉर्म ने विस्तृत कारण सार्वजनिक नहीं किए हैं।

6 दिन में लाखों नहीं, करोड़ों फॉलोअर्स

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए X अकाउंट बैन होने की जानकारी दी।

पार्टी ने बेहद कम समय में सोशल मीडिया पर विस्फोटक लोकप्रियता हासिल की। गुरुवार दोपहर तक इंस्टाग्राम पर CJP के फॉलोअर्स की संख्या 1.26 करोड़ तक पहुंच गई थी। तुलना करें तो भाजपा के इंस्टाग्राम पर करीब 87 लाख और कांग्रेस के लगभग 1.33 करोड़ फॉलोअर्स हैं।

वहीं X पर अकाउंट बैन होने से पहले पार्टी के करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स हो चुके थे।

कैसे शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि CJI सूर्यकांत ने एक सुनवाई के दौरान सिस्टम की आलोचना करने वाले युवाओं की तुलना “कॉकरोच” और “परजीवियों” से की थी।

हालांकि अगले ही दिन CJI ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी बेरोजगार युवाओं के लिए नहीं, बल्कि फर्जी डिग्री के सहारे पेशों में आने वाले लोगों के संदर्भ में थी।

इसी विवाद के बीच अमेरिका में पढ़ाई कर रहे अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाया—

“अगर सारे कॉकरोच एक साथ आ जाएं तो क्या होगा?”

यही पोस्ट बाद में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के रूप में वायरल आंदोलन में बदल गई।

कौन हैं अभिजीत दीपके?

अभिजीत दीपके वर्तमान में अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पब्लिक रिलेशन की मास्टर डिग्री कर रहे हैं। इससे पहले वे 2020 से 2023 तक आम आदमी पार्टी (AAP) की सोशल मीडिया टीम में वॉलंटियर के तौर पर भी काम कर चुके हैं।

उन्होंने BBC को दिए इंटरव्यू में कहा कि युवाओं की निराशा और सिस्टम से नाराजगी ने इस आंदोलन को जन्म दिया।

पार्टी का नारा और लोगो भी हुआ वायरल

कॉकरोच जनता पार्टी का नारा है:

“Secular, Socialist, Democratic, Lazy”

पार्टी ने अपना लोगो भी जारी किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

सदस्यता के लिए रखीं 4 ‘योग्यताएं’

CJP ने व्यंग्यात्मक अंदाज में सदस्यता के लिए चार शर्तें भी रखीं:

  1. बेरोजगार होना
  2. आलसी होना
  3. हर समय ऑनलाइन रहना
  4. प्रोफेशनल तरीके से भड़ास निकालना

पार्टी का 5 पॉइंट मैनिफेस्टो

कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया पर अपना मैनिफेस्टो भी जारी किया, जिसमें कई विवादित और चर्चित वादे शामिल हैं:

  • रिटायरमेंट के बाद किसी CJI को राज्यसभा सीट नहीं
  • वोट डिलीट होने पर चुनाव आयुक्त पर सख्त कार्रवाई
  • महिलाओं को 50% आरक्षण
  • बड़े कॉरपोरेट मीडिया हाउसों के लाइसेंस रद्द करने की मांग
  • दलबदल करने वाले नेताओं पर 20 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक

दिल्ली में कॉकरोच ड्रेस पहनकर अभियान

दिल्ली में कुछ समर्थक कॉकरोच की पोशाक पहनकर यमुना किनारे सफाई करते भी नजर आए। समर्थकों का कहना है कि यह आंदोलन फिलहाल चुनाव लड़ने से ज्यादा युवाओं की राजनीतिक भागीदारी और आवाज उठाने पर केंद्रित है।

क्यों युवाओं को पसंद आ रही CJP?

विशेषज्ञ मानते हैं कि बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक, भर्ती में देरी और सरकारी नौकरियों की कमी के कारण युवाओं में पहले से ही नाराजगी है।

कॉकरोच जनता पार्टी उसी गुस्से और व्यंग्य का डिजिटल प्रतीक बनकर उभरी है। खासकर Gen Z सोशल मीडिया यूजर्स इस प्लेटफॉर्म को सिस्टम के खिलाफ अपनी आवाज मान रहे हैं।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।