फॉर्च्यूनर से ड्रग्स तस्करी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, अफीम दूध और एमडीएमए बरामद
पुलिस ने ऑपरेशन विषभंजन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फॉर्च्यूनर कार से ड्रग्स ले जा रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 28.9 ग्राम अफीम का दूध और 1.6 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है और आगे की पूछताछ जारी है।
बालोतरा में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फॉर्च्यूनर कार में ड्रग्स ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन विषभंजन” के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक रमेश (आईपीएस) के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत एएसपी हरफूल सिंह मीणा और डीएसपी विकास कुमार के सुपरविजन में कल्याणपुर थाना प्रभारी भंवरसिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक फॉर्च्यूनर कार में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी लेने पर कार से 28.9 ग्राम अफीम का दूध और 1.6 ग्राम एमडीएमए (ड्रग) बरामद किया गया।कार में सवार दोनों युवकों से पूछताछ की गई, जिनकी पहचान सवाईराम पुत्र मूलाराम निवासी सिसोदिया पाना, थाना गिड़ा और नरेश कुमार पुत्र पोकराराम निवासी पटालीनाडी, गिड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ कल्याणपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जिस फॉर्च्यूनर कार में ड्रग्स की तस्करी की जा रही थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है।पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए और किन-किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। इस कार्रवाई में कॉन्स्टेबल मोतीराम, घनश्याम और जोंगेंद्र की भी अहम भूमिका रही।