पत्नी की हत्या के बाद पति ने खुद पर किया जानलेवा हमला, दो मासूम बच्चों के सामने टूटा परिवार
बालोतरा के सिवाना क्षेत्र में एक पति ने पत्नी की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी, जिसके बाद उसने खुद पर भी हमला कर लिया। आरोपी गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है।
बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले के सिवाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। जीनगरों के वास क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और इसके बाद खुद पर भी जानलेवा हमला कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी नितेश कुमार जीनगर (32), निवासी समदड़ी ने अपनी पत्नी कांता (30) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी पारिवारिक बात को लेकर विवाद हुआ था, जो धीरे-धीरे हिंसक रूप में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक, कांता अपने दो बच्चों के साथ छुट्टियों में पीहर जीनगरों के वास आई हुई थी। शनिवार दोपहर करीब पौने एक बजे पति नितेश वहां पहुंचा और पत्नी को घर के पास गली में बातचीत के लिए बुलाया। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी जेब से चाकू निकालकर पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से हमला कर लिया और अपने गले व पेट पर वार किए। गंभीर रूप से घायल हालत में वह हाथ में चाकू लेकर मुख्य मोहल्ले की ओर चला गया और एक दुकान के बाहर बैठ गया। खून से लथपथ हालत में उसे देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल भिजवाया गया। उसे पहले सिवाना सीएचसी, फिर बालोतरा के नाहटा अस्पताल और बाद में हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
इधर, पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर सिवाना सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया है। घटनास्थल को सील कर दिया गया है और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद से जुड़ा पाया गया है, हालांकि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने न सिर्फ दो मासूम बच्चों से माता-पिता का साया छीन लिया, बल्कि पूरे इलाके को शोक और सदमे में डाल दिया है।