मरुधरा में मौसम का यू-टर्न: बाड़मेर रहा सबसे हॉट, फतेहपुर में अब भी 10 डिग्री से नीचे पारा।

राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सुबह-शाम की सर्दी अब कम होने लगी है और दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया।

Feb 22, 2026 - 15:55
मरुधरा में मौसम का यू-टर्न: बाड़मेर रहा सबसे हॉट, फतेहपुर में अब भी 10 डिग्री से नीचे पारा।

राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। सुबह-शाम की सर्दी अब कम होने लगी है और दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार को प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया। मौसम केन्द्र जयपुर ने अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का पूर्वानुमान जारी किया है।

 पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में आसमान साफ रहा। सुबह से लेकर देर शाम तक तेज धूप खिली रही, जिससे दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे गर्म स्थान रहा।

चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री, फलोदी में 31.8, बीकानेर में 31.2, जैसलमेर में 31.5 और पाली के जवाई बांध क्षेत्र में 31.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं डूंगरपुर और फतेहपुर (सीकर) में 30-30 डिग्री, लूणकरणसर में 30.9, चूरू में 30.4 डिग्री तापमान रहा।

भीलवाड़ा में 29.4, टोंक में 29.6, श्रीगंगानगर में 29.4, नागौर में 29.8, झुंझुनूं में 29.1 और उदयपुर में 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर सहित कई जिलों में दिन के समय अच्छी धूप के कारण मौसम सुहावना बना रहा, हालांकि सुबह और शाम को हल्की ठंडक महसूस की गई।

अब बात न्यूनतम तापमान की करें तो सीकर के पास फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो 10 डिग्री से नीचे रहा। पाली में 10.6 डिग्री, दौसा में 11.6, सिरोही में 11.4, सीकर में 11.5 और अलवर में 11.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

सबसे कम सर्द रात बाड़मेर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे साफ है कि पश्चिमी राजस्थान में दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों को दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड के मिश्रित मौसम का सामना करना पड़ेगा।

कुल मिलाकर राजस्थान में सर्दी की विदाई और गर्मी की दस्तक साफ दिखाई देने लगी है।

Ashok Shera "द खटक" एडिटर-इन-चीफ