सीकर में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो-बाइक टक्कर में दो भाइयों की मौत, टक्कर के बाद लगी आग, 2 महीने बाद घर में थी शादी

राजस्थान के सीकर में बोलेरो और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। मृतकों के परिवार में दो महीने बाद शादी थी।

Apr 6, 2026 - 14:56
सीकर में भीषण सड़क हादसा: बोलेरो-बाइक टक्कर में दो भाइयों की मौत, टक्कर के बाद लगी आग, 2 महीने बाद घर में थी शादी

सीकर। जिले के दादिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बोलेरो और बाइक की आमने-सामने टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे के तुरंत बाद दोनों वाहनों में आग लग गई और वे पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे सीकर से उदयपुरवाटी जाने वाले मार्ग पर अमरनाथ आश्रम के पास हुआ। यह स्थान शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर भेरुजी स्टैंड के पास है। बाइक सवार दोनों युवक अपने गांव से सीकर की ओर आ रहे थे, जबकि बोलेरो गाड़ी विपरीत दिशा में जा रही थी। इसी दौरान दोनों में जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद लगी आग

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बोलेरो के नीचे फंस गई, जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की लपटों ने कुछ ही देर में दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि दोनों युवक टक्कर के बाद सड़क किनारे गिर गए थे।

दोनों की मौके पर मौत

इस हादसे में रामचंद्र गोस्वामी (39) और मुकेश गोस्वामी (30) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों एक ही परिवार से थे और आपस में भाई लगते थे।

मौके पर पहुंची पुलिस, लगा लंबा जाम

हादसे के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाया। दोनों शवों को सीकर के एसके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

दोनों मृतक पुरोहित का बास, लक्खीपुरा के रहने वाले थे और आरसीसी मजदूर के रूप में काम करते थे।

  • मुकेश गोस्वामी अपने पिता की इकलौती संतान थे।
  • उनके परिवार में चार बेटियां हैं और पत्नी गर्भवती हैं।
  • डिलीवरी का समय भी नजदीक है।

वहीं रामचंद्र गोस्वामी अपने पीछे एक बेटी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं।

सबसे दुखद बात यह है कि परिवार में दो महीने बाद एक लड़की की शादी तय थी, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

Kashish Sain Bringing truth from the ground