कॉकरोच जनता पार्टी का Instagram अकाउंट हैक होने का दावा: X पर बोली CJP- अकाउंट एक्सेस नहीं हो रहा, फॉलोअर्स 2.17 करोड़ पार
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के इंस्टाग्राम अकाउंट को लेकर बड़ा दावा सामने आया है।
सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से जबरदस्त चर्चा में रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। इस बार वजह पार्टी का तेजी से बढ़ता प्रभाव नहीं, बल्कि उसका कथित इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होना है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि वे पार्टी का इंस्टाग्राम अकाउंट एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं।
अभिजीत ने सुबह करीब 8:25 बजे पोस्ट करते हुए कहा कि अकाउंट यूजर्स को दिखाई दे रहा है, लेकिन उनके पास उसका कंट्रोल नहीं है। इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई। कई यूजर्स ने इसे अकाउंट हैक होने की आशंका बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे तकनीकी समस्या माना।
2.18 करोड़ फॉलोअर्स के साथ तेजी से बढ़ी CJP
इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का अकाउंट कुछ ही दिनों में रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। शनिवार सुबह करीब 10 बजे तक पार्टी के फॉलोअर्स 2 करोड़ 18 लाख से अधिक हो चुके थे। वहीं X (पूर्व ट्विटर) पर भी पार्टी के 1.94 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए।
सोशल मीडिया पर मीम्स, व्यंग्य और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर CJP ने युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रियता हासिल की। पार्टी खुद को “आलसी और बेरोजगार युवाओं की आवाज” बताती है और शिक्षा, रोजगार, एग्जाम सिस्टम और सरकारी जवाबदेही जैसे मुद्दों को सोशल मीडिया कैंपेन के जरिए उठाती रही है।
धमकियों का भी दावा
अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें वॉट्सऐप पर जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कथित धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट भी सोशल मीडिया पर शेयर किए थे। इसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।
दीपके के माता-पिता ने भी मीडिया से बातचीत में बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अचानक मिली लोकप्रियता और राजनीतिक विवादों के कारण उन्हें डर है कि अभिजीत किसी बड़ी मुसीबत में फंस सकता है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की ऑनलाइन पिटीशन
CJP ने 22 मई को अपनी पहली बड़ी ऑनलाइन पिटीशन लॉन्च की। इस पिटीशन में NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई। शनिवार सुबह तक इस ऑनलाइन अभियान पर 5 लाख 68 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके थे।
इस पिटीशन के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर #CockroachJantaParty और #CJP लगातार ट्रेंड करते रहे। कई यूजर्स ने इसे युवाओं की नाराजगी का डिजिटल आंदोलन बताया।
X अकाउंट पहले भी हो चुका ब्लॉक
इससे पहले 21 मई को CJP का पुराना X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। उस समय अकाउंट पर करीब 1.93 लाख फॉलोअर्स थे। बाद में अभिजीत दीपके ने नया अकाउंट बनाया, जिसका नाम ‘Cockroach Is Back’ रखा गया। इसके बायो में लिखा गया- “Cockroach Don’t Die.”
नया अकाउंट शुरू होते ही कुछ घंटों में हजारों लोग उससे जुड़ गए। सोशल मीडिया पर इस कदम को लेकर भी खूब चर्चा हुई थी।
CJI की टिप्पणी के बाद शुरू हुआ आंदोलन
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत 15 मई 2026 को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक टिप्पणी के बाद हुई थी। सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कथित तौर पर कुछ बेरोजगार एक्टिविस्ट युवाओं की तुलना “कॉकरोच” से की थी। इस बयान पर सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
हालांकि बाद में CJI ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया, लेकिन तब तक यह मुद्दा डिजिटल आंदोलन का रूप ले चुका था। अगले ही दिन अभिजीत दीपके ने “कॉकरोच जनता पार्टी” नाम से सोशल मीडिया कैंपेन शुरू कर दिया।
फॉलोअर्स को लेकर भी छिड़ी बहस
सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा था कि CJP के अधिकतर फॉलोअर्स पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका जैसे देशों से हैं। हालांकि पार्टी समर्थकों का कहना है कि करीब 96% फॉलोअर्स भारतीय हैं और यह आंदोलन मुख्य रूप से भारतीय युवाओं के मुद्दों से जुड़ा हुआ है।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं। वे डिजिटल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट रहे हैं और फिलहाल अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी से पब्लिक रिलेशन में मास्टर्स कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे 2020 से 2022 तक आम आदमी पार्टी (AAP) के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट भी रह चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनावों के दौरान उन्होंने वायरल मीम और डिजिटल प्रचार अभियानों पर काम किया था।
अभिजीत ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्होंने निजी जिंदगी और करियर स्थिरता के लिए अमेरिका का रुख किया, लेकिन भारत के सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता जारी रही।