डीग में LPG सिलेंडर धमाका,आग में झुलसे एक ही परिवार के 7 लोग... भाई-बहन की मौत

राजस्थान के डीग जिले के कामां इलाके में LPG सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग में एक ही परिवार के 7 लोग झुलस गए। हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

May 20, 2026 - 11:21
डीग में LPG सिलेंडर धमाका,आग में झुलसे एक ही परिवार के 7 लोग... भाई-बहन की मौत

राजस्थान के डीग जिले के कामां इलाके में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। डीग रोड स्थित बस स्टैंड के सामने कोल्ड ड्रिंक गोदाम में LPG सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के 7 लोग आग की चपेट में आ गए। इनमें से दो मासूम भाई-बहन की मौत हो गई, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में गोदाम के ऊपर बने मकान तक फैल गई।

गैस भरते समय हुआ बड़ा हादसा

कामां के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि रसोई गैस सिलेंडर से ईको गाड़ी की गैस किट में गैस भरी जा रही थी। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया।

जानकारी के मुताबिक, कोल्ड ड्रिंक एजेंसी संचालक मनमोहन सप्लाई के लिए गैस किट लगी ईको गाड़ियों का इस्तेमाल करता था। हादसे के समय वह गाड़ी में गैस भर रहा था। तभी अचानक सिलेंडर फट गया और देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

घर तक पहुंची आग की लपटें

धमाका इतना तेज था कि आग की लपटें सीधे ऊपर बने मकान तक पहुंच गईं। उस समय घर में दोनों परिवारों के सदस्य मौजूद थे। आग फैलते ही लोग चीख-पुकार करने लगे।

बताया जा रहा है कि मनमोहन का चचेरा भाई भगवान सिंह भी उसी समय घर आया हुआ था। आग तेजी से फैली और परिवार के सभी सदस्य उसमें झुलस गए।

धमाकों से दहला इलाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगातार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।

सूचना मिलने पर पुलिस, फायर ब्रिगेड और FSL टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

हादसे में ये लोग हुए घायल

इस दर्दनाक हादसे में कोल्ड ड्रिंक एजेंसी संचालक मनमोहन पुत्र दाताराम, उनकी पत्नी सरिता (25), भगवान सिंह (37), उनकी पत्नी नीरज, बेटा लक्ष्य (8), बेटी साक्षी (15) और अक्षरा (11) गंभीर रूप से झुलस गए।

सभी को तुरंत भरतपुर के आरबीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान 11 वर्षीय अक्षरा की मौत हो गई। डॉक्टरों के मुताबिक, वह करीब 50 प्रतिशत तक झुलस चुकी थी और उसके हाथ-पैर व चेहरा बुरी तरह जल गए थे।

बाकी छह घायलों को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में 8 वर्षीय लक्ष्य ने भी दम तोड़ दिया। जयपुर के SMS अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो लोगों की हालत अब भी गंभीर

डॉक्टरों के अनुसार, हादसे में झुलसे दो लोगों की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है। उनका इलाज जयपुर के SMS अस्पताल में जारी है।

पुलिस और प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर गैस सिलेंडर से अवैध तरीके से वाहन में गैस भरने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।