बाड़मेर में युवती से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा, बाल-दाढ़ी काटकर रातभर किया प्रताड़ित
बाड़मेर जिले के एक गांव में दूसरे गांव से युवती से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवक और युवती को रातभर बंधक बनाकर रखा गया और युवक के बाल, दाढ़ी, मूंछ व भौंह काट दी गईं। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जिले के एक गांव में युवती से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और युवक-युवती दोनों को घंटों तक बंधक बनाकर प्रताड़ित किया।
आरोप है कि ग्रामीणों ने युवक के हाथ रस्सी से बांध दिए और उसके बाल, दाढ़ी, मूंछ के साथ भौंह तक काट दी। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।
आधी रात युवती से मिलने पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। दोनों गांवों के बीच करीब 30 से 32 किलोमीटर की दूरी बताई जा रही है।
12 मई की रात करीब 1 बजे युवक युवती से मिलने उसके गांव के पास पहुंचा था। दोनों आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी गांव के कुछ युवक वहां पहुंच गए।
रस्सी से बांधकर बनाया बंधक
ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और युवक के हाथ रस्सी से बांध दिए। इसके बाद युवक और युवती को रातभर बंधक बनाकर रखा गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान युवती लगातार दोनों को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी नहीं माने।
कैंची से काटे बाल, दाढ़ी और भौंह
आरोपियों ने युवक को प्रताड़ित करने के लिए कैंची मंगवाई और उसके सिर के एक तरफ के बाल काट दिए। साथ ही दाढ़ी, मूंछ और भौंह तक काट दी गईं।
युवक को इस दौरान धमकाया भी गया कि वह दोबारा गांव में दिखाई नहीं दे।
करीब 5 घंटे तक रखा बंधक
दोनों को रात करीब 1 बजे से सुबह 6 बजे तक बंधक बनाकर रखा गया। इसके बाद युवक को उसके गांव वापस भेज दिया गया।
VIDEO वायरल होने पर पुलिस हरकत में
घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
थानाधिकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहे युवक और युवती की पहचान कर ली गई है। पुलिस टीम युवक के घर भेजी जा रही है और बयान लेने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
कानून हाथ में लेने पर उठे सवाल
घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। लोगों का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में कानून हाथ में लेना सही नहीं है। सोशल मीडिया पर भी इस घटना को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है।