भीषण गर्मी और पानी संकट से तड़प-तड़पकर मर रहा गौवंश: बाड़मेर के देरासर गांव में कुंड में गिरी गाय ने तोड़ा दम, 10 दिन से नहीं पहुंचा पानी टैंकर
बाड़मेर जिले के रामसर उपखंड के देरासर गांव में भीषण गर्मी और पानी की किल्लत के कारण कई गोवंश की मौत हो गई। नहरी पानी की सप्लाई बंद होने और PHED की ओर से समय पर पानी के टैंकर नहीं भेजे जाने से गांव में जल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों के अनुसार बीते कुछ दिनों में करीब एक दर्जन आवारा पशु प्यास से दम तोड़ चुके हैं। एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें गाय पानी के कुंड में गिरी हुई दिखाई दे रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पानी की व्यवस्था करने की मांग की है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में भीषण गर्मी और पानी की किल्लत अब इंसानों के साथ पशुओं की जिंदगी पर भी भारी पड़ रही है। रामसर उपखंड के देरासर गांव में पानी के अभाव में गौवंश की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। यहां एक गाय पानी की तलाश में कुंड तक पहुंची, लेकिन प्यास और कमजोरी से वहीं तड़प-तड़पकर उसकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में पिछले कई दिनों से नहरी पानी की सप्लाई बंद है। वहीं जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की ओर से अब तक पानी के टैंकर भी नहीं भेजे गए हैं। लगातार बढ़ती गर्मी और जल संकट के कारण पशुधन पानी के लिए भटक रहा है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि बीते कुछ दिनों में करीब एक दर्जन से अधिक आवारा गोवंश की मौत हो चुकी है।
देरासर गांव के रामदियों की बस्ती में बने जलकुंड पूरी तरह सूख चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहले इन कुंडों को ट्यूबवेल और जल जीवन मिशन की सप्लाई से भरा जाता था, लेकिन पिछले दो सप्ताह से पानी की आपूर्ति बंद पड़ी है। आसपास कोई वैकल्पिक जल स्रोत नहीं होने से पशु प्यास से बेहाल हैं।
ग्रामीण अजीज खान ने बताया कि करीब 10 दिन पहले रामसर स्थित PHED कार्यालय जाकर अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया था। अधिकारियों ने पानी के टैंकर भेजने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक गांव में एक भी टैंकर नहीं पहुंचा। इससे ग्रामीणों के साथ पशुधन भी भारी परेशानी झेल रहे हैं।
सरपंच (प्रशासक) अरसद राजड़ ने बताया कि इंदिरा गांधी नहर परियोजना की सप्लाई बंद होने से गांव में गंभीर जल संकट पैदा हो गया है। पाताल का पानी भी सूख चुका है। उन्होंने प्रशासन से पशुओं के लिए तत्काल पानी की व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं ग्राम विकास अधिकारी दशरथ सिंह ने बताया कि गांव में पानी की समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने गायों की मौत का वीडियो भेजा है, जो संभवतः रविवार का बताया जा रहा है।
करीब 1 मिनट 4 सेकेंड के वायरल वीडियो में एक गाय पानी के कुंड में गिरी हुई दिखाई दे रही है, जबकि आसपास दो-तीन अन्य गायें मृत अवस्था में पड़ी नजर आ रही हैं। वीडियो ने इलाके में जल संकट की भयावह स्थिति को उजागर कर दिया है।