खाटूश्याम मंदिर सेवा समिति की SUV की टक्कर से युवक की मौत, गाड़ी में मिला शराब से भरा कार्टन; ओवर स्पीडिंग के 9 चालान पेंडिंग

पुष्कर से अजमेर आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने पुष्कर घाटी के पास तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। कार खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। मौके से शराब की बोतलों से भरा कार्टन भी मिला है।

May 19, 2026 - 13:10
खाटूश्याम मंदिर सेवा समिति की SUV की टक्कर से युवक की मौत, गाड़ी में मिला शराब से भरा कार्टन; ओवर स्पीडिंग के 9 चालान पेंडिंग

अजमेर जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। पुष्कर से अजमेर की ओर आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने पुष्कर घाटी के पास एक के बाद एक तीन बाइकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक कार के साथ काफी दूर तक घिसटते चले गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभाला और पुलिस को सूचना दी। घटना सोमवार रात करीब 9:45 बजे पुष्कर थाना क्षेत्र में हुई।

एक युवक की मौत, चार घायल

हादसे में धौलाभाटा (अजमेर) निवासी रवि (35) की मौत हो गई। रवि अपने बहनोई जितेंद्र उर्फ सोनू के साथ बाइक पर सवार था। दोनों पेंटिंग का काम करते थे और अजमेर लौट रहे थे। हादसे में जितेंद्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

दूसरी बाइक पर शास्त्री नगर निवासी रोहित (22) अपने चाचा मधुसूदन वैष्णव (29) के साथ थे। दोनों भी हादसे में घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू अस्पताल (JLN Hospital) पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, तीसरा बाइक सवार भी घायल हुआ था, लेकिन वह अस्पताल में बिना एंट्री करवाए ही वहां से चला गया।

कार से शराब की बोतलें बरामद

हादसे के बाद पुलिस ने जब फॉर्च्यूनर कार की तलाशी ली तो उसमें शराब की बोतलों से भरा एक कार्टन मिला। इतना ही नहीं, कार की सीट पर एक शराब की खुली बोतल भी पड़ी मिली।

इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि कार चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। सूत्रों के मुताबिक, इस फॉर्च्यूनर पर पहले से ओवरस्पीडिंग के 9 चालान भी लंबित बताए जा रहे हैं।

खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड कार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल फॉर्च्यूनर कार खाटू श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। हादसे के बाद कार के पास समिति के सदस्य दिग्विजय सिंह घायल हालत में मिले।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस अभी तक इस मामले में स्पष्ट बयान देने से बचती नजर आ रही है।

पुलिस की भूमिका पर सवाल

हादसे के 15 घंटे बाद भी पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई कि वाहन किसके नाम पर पंजीकृत है। इसको लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

जब पुष्कर थाना प्रभारी विक्रम सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं एडिशनल एसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद ने कहा कि वाहन की रजिस्ट्रेशन डिटेल्स की जांच की जा रही है।

हालांकि, स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक रवि के पिता किशोर कुमार रेलवे से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। उन्होंने पुष्कर थाने में मामला दर्ज करवाया है। रवि की चार बहनें हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी काफी हद तक रवि पर ही थी। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।