जयपुर में दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार बाइक ने दो महिलाओं को मारी टक्कर, दोनों की मौत; CCTV में कैद वारदात
जयपुर के जगतपुरा इलाके में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौत हो गई। घटना का CCTV सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी अब भी फरार है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। जगतपुरा क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं हवा में उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरीं। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना 14 मई की शाम करीब 5:30 बजे जगतपुरा पुलिया के पास रामनगरिया थाना क्षेत्र में हुई थी। लेकिन इसका CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामला फिर से चर्चा में आ गया है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार, जगतपुरा के पूनम विहार निवासी सुनीता बैरवा (51) और सुगना देवी (50) दोनों सहेलियां थीं। सुनीता अपने रिश्तेदार से मिलने आनंद विहार गई थीं, जबकि सुगना अपने बेटे की शादी को लेकर जेठ के घर गई थीं।
दोनों महिलाएं शाम को वापस लौट रही थीं, तभी बीएल हॉस्पिटल के सामने जगतपुरा पुलिया के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद आरोपी फरार
टक्कर मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद रामनगरिया थाना पुलिस ने जयपुरिया अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए।
CCTV फुटेज से खुलासा
घटना स्थल पर लगे CCTV कैमरों की जांच में पूरी वारदात कैद हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक सवार तेज रफ्तार में आता है और सड़क पार कर रही दोनों महिलाओं को टक्कर मार देता है। इसके बाद वह बिना रुके मौके से भाग जाता है।
पुलिस जांच जारी, आरोपी फरार
पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी पहचान के लिए आसपास के इलाके के कैमरों की जांच कर रही है।
हालांकि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी बाइक सवार की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है।