भोपाल मॉडल ट्विशा शर्मा मौत केस में नया मोड़: चैट, CCTV और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उठे कई सवाल, परिवार बोला- ये सुसाइड नहीं मर्डर

भोपाल की मॉडल और साउथ इंडियन एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। परिवार ने पति और रिटायर्ड जज सास पर हत्या और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज, इंस्टाग्राम चैट और पुलिस जांच को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

May 20, 2026 - 11:59
भोपाल मॉडल ट्विशा शर्मा मौत केस में नया मोड़: चैट, CCTV और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से उठे कई सवाल, परिवार बोला- ये सुसाइड नहीं मर्डर

भोपाल में मॉडल और साउथ इंडियन एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब देशभर में चर्चा का विषय बन गया है। शादी के महज पांच महीने बाद हुई इस मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या बताया गया, वहीं ट्विशा का परिवार लगातार इसे हत्या बता रहा है।घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी परिवार ने शव लेने से इनकार कर दिया है और दोबारा पोस्टमार्टम, निष्पक्ष जांच तथा मामले को दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग कर रहा है। इस पूरे मामले में पति समर्थ सिंह, उनकी मां और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह, पुलिस जांच, पोस्टमार्टम प्रक्रिया और सोशल मीडिया चैट्स लगातार सवालों के घेरे में हैं।

12 मई की रात मिली थी मौत की खबर

33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध हालत में फंदे से लटकी मिली थीं। जानकारी के मुताबिक, ट्विशा की शादी 12 दिसंबर 2025 को भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। कुछ समय तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद ट्विशा भोपाल में पति और ससुरालवालों के साथ रहने लगी थीं।

मौत से पहले मां से हुई थी आखिरी बात

परिवार के मुताबिक, 12 मई को ट्विशा ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। बातचीत सामान्य थी, लेकिन कुछ देर बाद अचानक कॉल कट गया। ट्विशा की मां का आरोप है कि जैसे ही समर्थ कमरे में आया, कॉल डिस्कनेक्ट हो गया। करीब 15 मिनट बाद परिवार को ट्विशा की मौत की सूचना मिली।ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा कि जब उन्होंने बार-बार फोन किया तो काफी देर तक किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया। बाद में ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने मौत की जानकारी दी।

परिवार का आरोप- बेटी को प्रताड़ित किया जाता था

ट्विशा के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से ट्विशा पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था और कई बार अपमानित भी किया गया। ट्विशा की मां ने आरोप लगाया कि समर्थ मानसिक रूप से ट्विशा को प्रताड़ित करता था और उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता था। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा ने पहले भी परिवार को अपने तनाव और परेशानी के बारे में बताया था।

इंस्टाग्राम चैट से बढ़ा शक

मामले में उस समय बड़ा मोड़ आया जब ट्विशा और उसकी बहन मीनाक्षी शर्मा के बीच हुई इंस्टाग्राम चैट सामने आई। इस चैट में ट्विशा ने लिखा था:
“I am trapped… लेकिन तू मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही वक्त आने पर कॉल करूंगी।” परिवार का कहना है कि यह संदेश दिखाता है कि ट्विशा मानसिक दबाव में थी और खुद को उस रिश्ते में फंसा हुआ महसूस कर रही थी।

पुलिस पर भी लगे गंभीर आरोप

ट्विशा के परिवार ने भोपाल पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि शुरुआत में पुलिस ने जीरो एफआईआर तक दर्ज नहीं की और मामले को गंभीरता से नहीं लिया। ट्विशा के भाई भारतीय सेना में मेजर हैं। परिवार का आरोप है कि दबाव बनने के बाद ही पति और सास के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बावजूद आरोपियों को तुरंत राहत मिल गई, जिससे परिवार नाराज है। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभावशाली रसूख के कारण सिस्टम निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा।

पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर उठे सवाल

मामले में पोस्टमार्टम प्रक्रिया को लेकर भी कई सवाल उठे हैं। जानकारी के अनुसार, जिस नायलॉन बेल्ट से फांसी लगाने की बात कही जा रही है, उसे पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों के सामने पेश नहीं किया गया था। इस वजह से डॉक्टर कथित फांसी के साधन और गर्दन पर बने निशानों का वैज्ञानिक मिलान नहीं कर सके। बाद में उस बेल्ट को जांच के लिए AIIMS भेजा गया। अब उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। परिवार का आरोप है कि यह पुलिस की बड़ी लापरवाही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या-क्या सामने आया?

AIIMS भोपाल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया कि ट्विशा की मौत “Ante mortem hanging” यानी जीवित अवस्था में फंदा लगने से हुई।

रिपोर्ट के मुख्य बिंदु:

  • गर्दन पर ऊपर की ओर जाता हुआ लिगेचर मार्क मिला
  • गर्दन की अंदरूनी मांसपेशियों में दबाव और रक्तस्राव के निशान मिले
  • हायॉइड बोन और गर्दन की हड्डियां सुरक्षित पाई गईं
  • दोनों फेफड़ों में सूजन और कंजेशन पाया गया
  • आंखों में छोटे रक्तस्राव के निशान मिले
  • शरीर पर बड़े संघर्ष या हथियार से हमले के निशान नहीं मिले
  • हाथ और शरीर के कुछ हिस्सों पर हल्की चोट और खरोंच के निशान जरूर पाए गए

डॉक्टरों के अनुसार, ये संकेत आमतौर पर फांसी के मामलों में पाए जाते हैं। हालांकि परिवार का कहना है कि रिपोर्ट और घटनास्थल की परिस्थितियों में कई विरोधाभास हैं।

मौत से पहले हुआ था अबॉर्शन

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि ट्विशा का मौत से करीब एक सप्ताह पहले अबॉर्शन हुआ था। इसी को लेकर कोर्ट में दाखिल जमानत आवेदन में ट्विशा की सास ने दावा किया कि वह ड्रग एडिक्ट थी और ड्रग ओवरडोज के कारण अबॉर्शन हुआ था।परिवार ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और चरित्र हनन की कोशिश बताया है।

सास ने कोर्ट में कहा- ट्विशा ड्रग एडिक्ट थी

रिटायर्ड जज और ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह ने कोर्ट में दाखिल आवेदन में ट्विशा पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ट्विशा को ड्रग्स की लत थी और जब उसे नशा नहीं मिलता था तो उसके हाथ कांपते थे। इस बयान के बाद मामला और ज्यादा संवेदनशील हो गया। ट्विशा की मां ने पलटवार करते हुए कहा कि ड्रग्स लेने वाला कोई और था और उनकी बेटी को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

CCTV फुटेज ने बढ़ाए सवाल

घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में ट्विशा को छत की ओर जाते देखा गया। कुछ देर बाद पति समर्थ सिंह और दो अन्य लोग ट्विशा को सीढ़ियों से नीचे लाते दिखाई दिए। वीडियो में सीढ़ियों पर ट्विशा को CPR देने की कोशिश भी नजर आई। हालांकि परिवार का कहना है कि फुटेज पूरी सच्चाई नहीं दिखाता और मामले की विस्तृत फोरेंसिक जांच जरूरी है।

FSL और DNA रिपोर्ट का इंतजार

मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए डॉक्टरों ने विसरा, खून और अन्य सैंपल सुरक्षित रखे हैं। इनकी FSL जांच की जा रही है, जिससे यह पता लगाया जाएगा कि मौत से पहले ट्विशा ने कोई नशीला पदार्थ या जहरीला तत्व लिया था या नहीं। इसके अलावा DNA जांच के लिए भी सैंपल सुरक्षित किए गए हैं।

परिवार ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की

ट्विशा का परिवार दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा है। परिवार चाहता है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या दिल्ली पुलिस को सौंपी जाए। परिजन भोपाल में मुख्यमंत्री आवास के बाहर भी पहुंचे और न्याय की मांग की। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकालने की घोषणा की गई।

SIT गठित, जमानत पर सबकी नजर

मामले की गंभीरता को देखते हुए SIT गठित कर दी गई है। पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पहले खारिज हो चुकी है। अब परिवार रिटायर्ड जज सास को मिली राहत को चुनौती देने की तैयारी कर रहा है।ट्विशा के पिता ने कहा कि वे हाईकोर्ट में बेल कैंसिलेशन याचिका दायर करेंगे।

पुलिस फूंक-फूंककर रख रही कदम

मामला हाईप्रोफाइल होने की वजह से पुलिस भी बेहद सतर्कता के साथ जांच कर रही है। एक तरफ पोस्टमार्टम रिपोर्ट आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है, वहीं परिवार लगातार हत्या और प्रताड़ना के आरोप लगा रहा है। अब पूरे मामले में FSL रिपोर्ट, दोबारा पोस्टमार्टम की मांग और अदालत की अगली सुनवाई पर सबकी नजर टिकी हुई है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।