रीलस्टार पत्नी बनाती थी वीडियो, पति के रोकने पर टांके में मिला शव... पत्नी पर हत्या की आशंका
बाड़मेर के सदर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव टांके से मिलने से सनसनी फैल गई।
बाड़मेर जिले के सदर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब मालपुरा से नोखड़ा जाने वाली सड़क के किनारे बने एक पानी के टांके में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को टांके से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गिरल गांव निवासी तेजाराम (42) पुत्र गोमाराम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बाड़मेर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, तेजाराम जालौर जिले के चितलवाना में मजदूरी करता था और 2 जून को वह अपने गांव लौटने के लिए निकला था, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में बुधवार को टांके के पास उसका बैग मिलने पर पहचान हुई।
घटना को लेकर मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के भाई महेशराम ने बताया कि तेजाराम और उसकी पत्नी के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पत्नी के कथित अवैध संबंधों को लेकर दोनों के बीच तनाव था और इसी कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने अपनी रिपोर्ट में पत्नी सहित कुछ अन्य लोगों पर हत्या का शक जताते हुए नामजद मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि घटना की रात मृतक की पत्नी घर से बाहर थी और बाद में संदिग्ध परिस्थितियों में वापस लौटी।
सदर थानाधिकारी करतार सिंह ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर एंगल से जांच में जुटी हुई है। इलाके में घटना के बाद से तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।