CRPF की नौकरी छोड़ चुके भतीजे ने चाचा के सीने में दागी गोली, जानिए कौनसे विवाद में सगे रिश्ते का कत्ल..

भरतपुर के उच्चैन में जमीन विवाद और नशे की लत के चलते एक पूर्व CRPF जवान ने अपने सगे चाचा की सीने में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी अपना मोबाइल और देसी कट्टा फेंककर फरार हो गया।

Jun 3, 2026 - 13:37
CRPF की नौकरी छोड़ चुके भतीजे ने चाचा के सीने में दागी गोली, जानिए कौनसे विवाद में सगे रिश्ते का कत्ल..

जमीन विवाद और नशे ने बनाया कातिल

भरतपुर जिले के उच्चैन थाना इलाके से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के चकसेना गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक पूर्व CRPF जवान ने जमीन के मामूली विवाद को लेकर अपने ही 70 वर्षीय सगे चाचा की सीने में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में था।

जानकारी के अनुसार, मृतक साहब सिंह (70) और उनके भतीजे अनिल उर्फ अन्नू (38) के बीच पिछले कुछ समय से जमीन को लेकर मनमुटाव चल रहा था। बुधवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अनिल ने तैश में आकर अपने पास रखा अवैध देसी कट्टा निकाला और सीधे चाचा के सीने पर फायर झोंक दिया।

गोली की आवाज से दहल उठा गांव, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

सुबह-सुबह गांव में गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। कट्टे की आवाज सुनकर जब तक साहब सिंह के पड़ोसी और अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी अनिल हाथ में हथियार लहराता हुआ वहां से भाग निकला।

खून से लथपथ बुजुर्ग साहब सिंह को पड़ोसी तुरंत गंभीर हालत में उच्चैन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस और उच्चैन थाना अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया।

भागते समय मोबाइल और देसी कट्टा फेंका, तलाश में जुटी पुलिस

डीएसपी (DSP) सुरेश कुड़ी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अनिल गांव से भाग निकला। हड़बड़ाहट में भागते समय उसने घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध देसी कट्टा और अपना मोबाइल फोन घर के पास ही झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके से मोबाइल और कट्टे को बरामद कर जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो पास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।

रसूखदार है परिवार: पिता RAC में, भाई धौलपुर पुलिस में तैनात

चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी का पूरा परिवार बेदाग और अनुशासित बैकग्राउंड से आता है। आरोपी अनिल के पिता मान सिंह वर्तमान में भरतपुर में ही राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (RAC) में तैनात हैं, जबकि मृतक साहब सिंह का बेटा भी धौलपुर पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहा है।

पड़ोसियों और पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अनिल खुद 2 साल पहले तक देश की सेवा में CRPF में तैनात था, लेकिन नौकरी छोड़ने के बाद वह बुरी तरह शराब की लत का शिकार हो गया। इसी शराब और नशे की लत के कारण उसका परिवार फिलहाल भरतपुर शहर में रहता है, जबकि वह गांव के मकान में अकेला ही रह रहा था। पुलिस शुरुआती जांच में जमीन विवाद के साथ-साथ अन्य सभी पहलुओं की भी गंभीरता से जांच कर रही है।

Web Desk Web Desk The Khatak