पुष्कर में भाजपा नेता-रिसोर्ट मालिक विवाद का पुराना VIDEO वायरल, दोनों बोले- छवि खराब करने की साजिश

अजमेर जिले के पुष्कर में भाजपा नेता महेन्द्र सिंह मझेवला और रिसोर्ट मालिक राकेश गुप्ता के बीच विवाद का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

Jun 4, 2026 - 13:43
पुष्कर में भाजपा नेता-रिसोर्ट मालिक विवाद का पुराना VIDEO वायरल, दोनों बोले- छवि खराब करने की साजिश

अजमेर जिले के तीर्थनगरी पुष्कर में एक रिसोर्ट मालिक और भाजपा नेता के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। वायरल वीडियो में ब्रह्मा रिसोर्ट के मालिक राकेश गुप्ता और भाजपा नेता एवं निवर्तमान जिला परिषद सदस्य महेन्द्र सिंह मझेवला आपस में बहस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में रिसोर्ट मालिक भाजपा नेता पर रिसोर्ट पर जबरन कब्जा करने और लगातार परेशान करने के आरोप लगाते नजर आ रहे हैं।

हालांकि वीडियो वायरल होने के कुछ घंटों बाद ही दोनों पक्षों ने सामने आकर पूरे मामले को पुराना बताते हुए आपसी सहमति से विवाद समाप्त होने की बात कही है।

2025 का बताया जा रहा है वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ करीब 2 मिनट 56 सेकंड का वीडियो ब्रह्मा रिसोर्ट परिसर का बताया जा रहा है। वीडियो में राकेश गुप्ता भाजपा नेता महेन्द्र सिंह मझेवला पर गंभीर आरोप लगाते दिखाई देते हैं। दोनों के बीच तीखी बहस भी होती है, जिसके बाद भाजपा नेता वहां से निकल जाते हैं।

वीडियो बुधवार रात सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल होने लगा और स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई।

वीडियो वायरल होने के बाद सामने आया राजीनामे का VIDEO

विवादित वीडियो वायरल होने के बाद दोनों पक्षों ने एक नया वीडियो जारी कर सफाई दी। करीब 1 मिनट 14 सेकंड के इस वीडियो में राकेश गुप्ता और महेन्द्र सिंह मझेवला ने कहा कि उनके बीच अब किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है।

दोनों ने बताया कि वायरल वीडियो वर्ष 2025 का है और उस समय किसी बात को लेकर गुस्से में विवाद हो गया था, लेकिन उसी दिन बातचीत के जरिए मामला सुलझा लिया गया था। अब उनके बीच किसी प्रकार का मनमुटाव नहीं है।

भाजपा नेता बोले- छवि खराब करने के लिए वायरल किया गया VIDEO

भाजपा नेता महेन्द्र सिंह मझेवला ने कहा कि बिना उनकी और रिसोर्ट मालिक की सहमति के यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्रह्मा रिसोर्ट के पास स्थित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करने वाले लोगों ने उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से यह पुराना वीडियो वायरल किया है।

मझेवला ने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित रिसोर्ट को उसके मालिक काफी समय पहले जयपुर के एक व्यक्ति को बेच चुके हैं और वर्तमान में रिसोर्ट को लेकर उनका कोई विवाद नहीं है।

रिसोर्ट मालिक ने भी विवाद समाप्त होने की बात कही

रिसोर्ट मालिक राकेश गुप्ता ने भी वायरल वीडियो को अक्टूबर 2025 का बताया। उन्होंने कहा कि उस समय आर्थिक लेन-देन और कुछ अन्य बातों को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन बाद में आपसी बातचीत से मामला सुलझ गया था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में उनका किसी से कोई विवाद नहीं है और कुछ लोग जानबूझकर उनकी और भाजपा नेता की छवि धूमिल करने के लिए पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं।

रिसोर्ट के पास जमीन विवाद का मामला भी चर्चा में

इस पूरे विवाद के बीच रिसोर्ट के पास स्थित जमीन को लेकर भी विवाद सामने आया है। रेवत निवासी गिरधारी दास वैष्णव ने हाल ही में पुष्कर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि मंदिर की जमीन के पास रात के समय कुछ लोगों ने जेसीबी और ट्रैक्टरों के जरिए तोड़फोड़ और कब्जे का प्रयास किया।

शिकायतकर्ता ने कुछ लोगों पर हमला करने और धमकाने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह जमीन ब्रह्मा रिसोर्ट के नजदीक स्थित बताई जा रही है।

पुलिस जांच पर टिकी निगाहें

वीडियो वायरल होने और जमीन विवाद के आरोपों के बाद अब पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है। एक ओर दोनों पक्ष आपसी समझौते और विवाद खत्म होने की बात कह रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जमीन विवाद से जुड़े आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।