'कार में था मखमली बिस्तर', काम दिलाने के बहाने बुलाया और दिखाई अश्लील वीडियो; एक्ट्रेस ने सुनाई आपबीती
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में काम कर चुकीं अभिनेत्री नेहल वडोलिया ने कास्टिंग काउच को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
टीवी और वेब सीरीज की दुनिया में अपनी पहचान बना चुकीं अभिनेत्री नेहल वडोलिया ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के एक बेहद संवेदनशील मुद्दे पर चौंकाने वाला खुलासा किया है। 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में नजर आ चुकीं नेहल ने एक पॉडकास्ट के दौरान अपने करियर के शुरुआती दिनों का ऐसा अनुभव साझा किया, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था।
नेहल वडोलिया ने बताया कि जब वह इंडस्ट्री में नई थीं और अपने करियर को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रही थीं, तब एक बड़े और चर्चित डायरेक्टर ने उन्हें काम देने के बहाने मिलने के लिए बुलाया। अभिनेत्री के मुताबिक, उन्हें लगा था कि यह मुलाकात किसी नए प्रोजेक्ट को लेकर होगी, लेकिन वहां पहुंचने के बाद जो कुछ हुआ, उसने उन्हें हैरान कर दिया
नेहल ने दावा किया कि डायरेक्टर एक लग्जरी कार में उनसे मिलने आए थे। कार का दरवाजा खुलते ही वह चौंक गईं, क्योंकि अंदर सामान्य सीटों की जगह लाल रंग का मखमली बिस्तर लगा हुआ था।
अभिनेत्री के अनुसार, बातचीत के दौरान डायरेक्टर ने उनकी तारीफ करते हुए उन्हें ग्लैमर और पैसों का लालच देने की कोशिश की।
एक्ट्रेस का कहना है कि मुलाकात के दौरान उन्हें एक अन्य महिला की आपत्तिजनक वीडियो भी दिखाई गई।
इसके बाद उनसे कहा गया कि वह भी इसी रास्ते पर चलकर काफी पैसा कमा सकती हैं। नेहल ने बताया कि यह सब देखकर वह असहज हो गईं और तुरंत वहां से निकलने का फैसला किया।
उन्होंने कहा कि उनका सपना सिर्फ एक सफल टीवी अभिनेत्री बनने का था और वह किसी भी कीमत पर ऐसे समझौते नहीं करना चाहती थीं।
नेहल के मुताबिक, उस घटना के बाद उन्होंने बॉलीवुड में काम करने को लेकर काफी सावधानी बरतनी शुरू कर दी।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि मनोरंजन जगत में कई अच्छे और पेशेवर लोग मौजूद हैं, लेकिन कुछ लोग नए कलाकारों की मजबूरी का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने इंडस्ट्री में आने वाले युवाओं को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव से दूर रहने की सलाह दी।
नेहल वडोलिया का यह खुलासा सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर कास्टिंग काउच और इंडस्ट्री में नए कलाकारों के सामने आने वाली चुनौतियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि अभिनेत्री ने उस डायरेक्टर का नाम सार्वजनिक नहीं किया है।
(All Photos: Instagram @nehal_nv8)