आंखों में आंसू और हाथ में जहर: अनीता बोलीं मेरी इज्जत उछाली गई, जहर पीने के बाद अस्पताल में भर्ती
जोधपुर की सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान जहर पीकर आत्महत्या की कोशिश की।
राजस्थान के जोधपुर से सोशल मीडिया की दुनिया को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। खेती-किसानी और ग्रामीण जीवन से जुड़े वीडियो बनाकर लाखों लोगों के बीच पहचान बनाने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान जहर पीकर आत्महत्या की कोशिश कर ली। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में मथुरादास माथुर (MDM) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना से पहले अनीता बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर कई भावुक पोस्ट और वीडियो साझा किए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उन्हें लगातार बदनाम कर रहे हैं, उनकी इज्जत पर कीचड़ उछाल रहे हैं और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं।
छोटे कपड़ों पर वीडियो के बाद शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पहले अनीता बिश्नोई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने महिलाओं के आधुनिक पहनावे और छोटे कपड़ों को लेकर अपनी राय व्यक्त की थी। वीडियो में उन्होंने कहा था कि "कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी।"
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार ट्रोल किया जाने लगा। कई लोगों ने उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और अश्लील कमेंट्स भी किए। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के बाद अनीता मानसिक तनाव में रहने लगी थीं।
जहर खाने से पहले साझा किए भावुक पोस्ट
घटना वाले दिन अनीता बिश्नोई ने फेसबुक पर दो भावुक पोस्ट साझा किए। पहली पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उन्हें बार-बार परेशान किया जा रहा है और वह कोई बड़ा कदम उठा सकती हैं। इसके करीब दो घंटे बाद उन्होंने रोते हुए अपनी तस्वीर पोस्ट की और लिखा कि अब शायद उनकी वापसी नहीं होगी।
इन पोस्ट्स के बाद उन्होंने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उन्होंने खुलकर अपनी पीड़ा जाहिर की।
वीडियो में लगाए गंभीर आरोप
जहर पीने से पहले रिकॉर्ड किए गए करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में अनीता बिश्नोई रोते हुए दिखाई दीं। उन्होंने कहा कि किसी भी महिला के लिए उसकी इज्जत सबसे बड़ी चीज होती है और जब उसी पर सवाल उठाए जाएं तो जीना मुश्किल हो जाता है।
वीडियो में उन्होंने दावा किया कि छह पुरुष और दो महिलाएं उन्हें लगातार बदनाम कर रही हैं। अनीता ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद के बाद उन्हें जान से मारने और गाड़ी से कुचलवाने तक की धमकियां दी गई थीं। उन्होंने कहा कि उनके पास सभी रिकॉर्डिंग और सबूत मौजूद हैं और पुलिस को सब कुछ सौंप दिया जाएगा।
इंस्टाग्राम लाइव में पी लिया जहर
फेसबुक पोस्ट और वीडियो के बाद अनीता बिश्नोई अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव आईं। लाइव के दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल छोटे कपड़ों को लेकर एक वीडियो बनाया था, लेकिन उसके बाद उन्हें निशाना बनाया जाने लगा।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जो लोग कभी उनके घर आकर खाना खाते थे, वही आज उन्हें बदनाम करने में लगे हैं। इसके बाद उन्होंने कहा, "औरत का मरना आसान नहीं, बहुत मुश्किल है।"
इतना कहने के बाद उन्होंने लाइव वीडियो में ही जहर की डिब्बी उठाई और उसे पी लिया। उस समय करीब 1300 से अधिक लोग लाइव प्रसारण देख रहे थे।
पति ने लगाए गंभीर आरोप
अनीता बिश्नोई के पति दीनाराम ने आरोप लगाया है कि कुछ स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और परिवार के कुछ सदस्य मिलकर उनकी पत्नी को लगातार ट्रोल कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि वॉट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें अपमानित करने और बदनाम करने की कोशिश की जा रही थी।
दीनाराम के अनुसार उनके पास कई रिकॉर्डिंग, मैसेज और अन्य सबूत मौजूद हैं, जो इस पूरे मामले में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने जानबूझकर अनीता को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि वह यह कदम उठाने को मजबूर हो गईं।
अस्पताल में चल रहा इलाज
जहर पीने के तुरंत बाद परिजनों ने अनीता बिश्नोई को जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। फिलहाल उनकी स्थिति पर अस्पताल प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
यह मामला सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न और मानसिक दबाव के गंभीर प्रभावों को एक बार फिर सामने लेकर आया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है और अनीता द्वारा लगाए गए आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।