टॉय कार से निकला तार 8 साल के बच्चे की आंख में घुसा: दर्द से चीखा मासूम, डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर बचाई आंख
पाली शहर की इंद्रा कॉलोनी में रिमोट वाली टॉय कार से खेलते समय 8 साल के बच्चे की आंख में तार घुस गया। दर्द से चीखने पर परिजन उसे तुरंत बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक तार निकालकर बच्चे की आंख बचा ली। हादसे के बाद डॉक्टरों ने बच्चों को खिलौनों से खेलते समय सावधानी बरतने की सलाह दी।
पाली शहर में एक दर्दनाक हादसे में खेल-खेल में 8 साल का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घर में रिमोट वाली टॉय कार से खेलते समय अचानक उसमें लगा तार निकलकर सीधे बच्चे की आंख में जा घुसा। हादसे के बाद बच्चा दर्द से तड़पने लगा और उसकी चीख सुनकर परिवार के लोग घबराकर मौके पर पहुंचे। आंख में फंसा तार बाहर की ओर लटक रहा था। परिजन तुरंत उसे बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक तार निकालकर बच्चे की आंख बचा ली।
यह घटना पाली शहर की इंद्रा कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार, इंद्रा कॉलोनी निवासी बलवीर सिंह का बेटा कुलदीप (8) बुधवार देर शाम घर में रिमोट कंट्रोल कार से खेल रहा था। खेलते समय अचानक कार में लगा पतला तार झटके से निकला और सीधे उसकी आंख में जा धंसा। तार पुतली के नीचे फंस गया था, जिससे बच्चा जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगा।
आवाज सुनकर परिवार वाले दौड़कर पहुंचे तो बेटे की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। आंख में तार फंसा हुआ था और बाहर लटक रहा था। परिजन बिना देर किए रात करीब साढ़े दस बजे बच्चे को बांगड़ हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
बच्चे के पिता बलवीर सिंह ने बताया कि बेटे की जिद पर उन्होंने बुधवार को ही करीब 250 रुपए में रिमोट वाली कार खरीदी थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि खिलौना इतनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन जाएगा।
बांगड़ हॉस्पिटल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विपुल नागर ने बताया कि बच्चे को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। सूचना मिलने पर डॉ. सुभाष सैनी, डॉ. रिया और डॉ. अंकिता की टीम तुरंत सक्रिय हुई। डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक आंख में फंसे तार को निकाला। समय पर इलाज मिलने से बच्चे की आंख सुरक्षित बच गई।
डॉक्टरों ने बच्चे को गुरुवार सुबह दोबारा जांच के लिए बुलाया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने अभिभावकों से छोटे बच्चों को खिलौनों से खेलते समय निगरानी रखने और खराब या सस्ते खिलौनों से सावधानी बरतने की अपील की है।