PM Modi Italy Visit: पीएम मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की ‘Melody’ टॉफी, रोम में साथ घूमते दिखे दोनों नेता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में इटली पहुंचे, जहां पीएम जॉर्जिया मेलोनी ने उनका खास स्वागत किया। मोदी ने मेलोनी को ‘Melody’ टॉफी गिफ्ट की, जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। दोनों नेताओं ने रोम में डिनर, सेल्फी और ऐतिहासिक कोलोजियम का दौरा भी किया।

May 20, 2026 - 13:57
PM Modi Italy Visit: पीएम मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की ‘Melody’ टॉफी, रोम में साथ घूमते दिखे दोनों नेता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के विदेश दौरे के आखिरी चरण में मंगलवार को इटली पहुंचे। रोम एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इटली में भारत की राजदूत वाणी सर्राजू राव और कई अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जबकि प्रवासी भारतीयों ने भी उत्साह के साथ पीएम मोदी का अभिनंदन किया।

इटली पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक भारतीय समुदाय में उनके स्वागत को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

मेलोनी को गिफ्ट की ‘Melody’ टॉफी

इस दौरे का सबसे चर्चित पल तब बना जब पीएम मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भारत की लोकप्रिय ‘Melody’ टॉफी गिफ्ट की। मेलोनी ने इसका वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा,
“प्रधानमंत्री मोदी मेरे लिए बहुत अच्छी Melody टॉफी लेकर आए। गिफ्ट के लिए धन्यवाद।”

यह वीडियो कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इसे दोनों नेताओं की दोस्ती का खास अंदाज बताया।

रोम की सड़कों पर साथ दिखे मोदी और मेलोनी

पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी ने रोम में साथ समय बिताया। दोनों नेता एक ही कार में रोम की सड़कों पर घूमते नजर आए। उन्होंने करीब 2000 साल पुराने ऐतिहासिक कोलोजियम का भी दौरा किया और वहां तस्वीरें खिंचवाईं।

मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ एक सेल्फी भी शेयर की, जिसके साथ उन्होंने लिखा, “Welcome my friend.” यह तस्वीर भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई।

डिनर डिप्लोमेसी के जरिए मजबूत होंगे रिश्ते

दोनों नेताओं ने रोम में साथ डिनर किया, जहां भारत और इटली के संबंधों को और मजबूत बनाने पर अनौपचारिक बातचीत हुई। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, हरित ऊर्जा और एडवांस टेक्नोलॉजी जैसे अहम विषयों पर चर्चा हुई।

पीएम मोदी ने भी एक्स पर मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि औपचारिक बातचीत में भारत-इटली दोस्ती को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर चर्चा जारी रहेगी।

स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप पर चर्चा संभव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस यात्रा के दौरान भारत और इटली अपने संबंधों को “स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप” का दर्जा देने पर विचार कर सकते हैं। दोनों देश नियमित वार्षिक बैठकों की व्यवस्था पर भी चर्चा कर रहे हैं।

पिछले कुछ वर्षों में भारत और इटली के राजनीतिक और आर्थिक रिश्तों में तेजी आई है। रक्षा, विज्ञान, तकनीक, ऑटोमोबाइल, मशीनरी और फार्मा सेक्टर में दोनों देशों के बीच सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

फिलहाल भारत और इटली के बीच द्विपक्षीय व्यापार 14 अरब यूरो यानी करीब 1.60 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का है।

IMEC कॉरिडोर रहेगा चर्चा का बड़ा केंद्र

प्रधानमंत्री मोदी के इटली दौरे में इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) भी बड़ा फोकस माना जा रहा है। इस परियोजना के जरिए भारत को मध्य पूर्व के रास्ते यूरोप से जोड़ने की योजना है।

IMEC परियोजना की शुरुआत 2023 में हुई थी, जिसमें भारत, अमेरिका, यूरोपीय संघ, सऊदी अरब, UAE, फ्रांस, जर्मनी और इटली समेत कई देश शामिल हैं।

इस कॉरिडोर के तहत रेलवे, बंदरगाह, ऊर्जा नेटवर्क और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया जाएगा। इसे चीन की बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) के विकल्प के तौर पर भी देखा जा रहा है।

उद्योगपतियों से भी मिलेंगे पीएम मोदी

अपने इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी बड़े उद्योगपतियों और कारोबारी नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान भारत में निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और नई औद्योगिक साझेदारी को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जून 2024 में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान इटली गए थे। इस बार का दौरा भारत-इटली संबंधों को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।