सिलेंडर लीकेज से लगी भीषण आग, 4 बच्चों समेत 15 लोग झुलसे: बचाने दौड़े परिजन भी चपेट में आए, 4 की हालत गंभीर

अलवर के थानागाजी क्षेत्र में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज से आग लग गई। हादसे में 4 बच्चों समेत 15 लोग झुलस गए। घायलों को टहला अस्पताल ले जाया गया, जहां से 8 लोगों को अलवर रेफर किया गया। प्रशासन के अनुसार देसी भट्टी में सिलेंडर से पाइप जोड़ रखा था, जिससे गैस रिसाव के बाद आग भड़की।

May 21, 2026 - 16:05
सिलेंडर लीकेज से लगी भीषण आग, 4 बच्चों समेत 15 लोग झुलसे: बचाने दौड़े परिजन भी चपेट में आए, 4 की हालत गंभीर

अलवर जिले के थानागाजी क्षेत्र में गुरुवार सुबह खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में लीकेज होने से भीषण आग लग गई। हादसे में 4 बच्चों समेत एक ही परिवार के 15 लोग झुलस गए। झुलसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिवार के सदस्य बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आग की चपेट में आने से वे भी घायल हो गए। घायलों को तुरंत टहला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 8 लोगों को गंभीर हालत में अलवर रेफर किया गया है। इनमें 4 लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे टहला क्षेत्र के दाता खोहदरीबा गांव में हुई। जानकारी के अनुसार राधेश्याम बंजारा के घर पर परिवार के लोग सुबह खाना बनाने और खाने की तैयारी में जुटे हुए थे। कुछ सदस्य रसोई में मौजूद थे, जबकि बच्चे और अन्य लोग बाहर बैठे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से जुड़े पाइप में लीकेज होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।

रसोई में आग लगते ही वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर बाहर मौजूद बच्चे और परिवार के अन्य सदस्य उन्हें बचाने के लिए अंदर दौड़े, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वे भी झुलस गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में लाडा देवी (60) और राधेश्याम (40) करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। राधेश्याम को गंभीर हालत में अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मंजू (38), किलतु (15), लक्ष्मी (13), हेम सिंह (10) और आलोक (7) सहित अन्य घायलों का इलाज अलवर जिला अस्पताल में चल रहा है। 7 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद टहला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पूर्व पार्षद रोहिताश घांघल ने बताया कि हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया, लेकिन प्रशासनिक टीम काफी देर से मौके पर पहुंची। उनका कहना है कि सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद तहसीलदार मौके पर पहुंचे, जबकि पुलिस भी देरी से पहुंची।

टहला तहसीलदार प्रवीण कुमार ने बताया कि परिवार ने देसी भट्टी में गैस सिलेंडर से पाइप जोड़ रखा था। लंबे समय से पाइप से गैस रिसाव हो रहा था। इसी दौरान आग भड़क गई और बड़ा हादसा हो गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.