कोटा में खुले नाले ने ली रिटायर्ड प्रिंसिपल की जान: रातभर बाइक समेत पड़े रहे, सुबह लोगों ने देखा शव

कोटा के बोरखेड़ा इलाके में खुले नाले में गिरने से रिटायर्ड प्रिंसिपल रामेश्वर रावत की मौत हो गई। देर रात घर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। सुबह लोगों ने बाइक देखी तो हादसे का खुलासा हुआ। परिजनों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

May 21, 2026 - 14:11
कोटा में खुले नाले ने ली रिटायर्ड प्रिंसिपल की जान: रातभर बाइक समेत पड़े रहे, सुबह लोगों ने देखा शव

कोटा शहर में खुले नालों की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गोकुल कॉलोनी में एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की खुले नाले में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान सुभाष नगर द्वितीय निवासी रामेश्वर रावत के रूप में हुई है, जो हाल ही में सरकारी स्कूल से प्रिंसिपल पद से रिटायर हुए थे।

जानकारी के अनुसार, रामेश्वर रावत बुधवार दोपहर करीब 3 बजे घर से समाज की बैठक में शामिल होने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद उन्होंने अपने पुराने स्टाफ सदस्यों के साथ पार्टी भी की थी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आता रहा।

परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार सुबह गोकुल कॉलोनी के लोगों ने खुले नाले में एक बाइक गिरी हुई देखी। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची बोरखेड़ा थाना पुलिस ने जब बाइक को बाहर निकलवाया तो उसके नीचे एक व्यक्ति दबा हुआ मिला।

पुलिस तुरंत घायल अवस्था में व्यक्ति को एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान रामेश्वर रावत के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन अस्पताल पहुंच गए।

मृतक के भतीजे मनीष रावत ने बताया कि रामेश्वर रावत दो महीने पहले ही झाड़ गांव स्थित सरकारी स्कूल से प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार का कहना है कि देर रात घर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खुले नाले में गिर गई। अंधेरा होने और आसपास कोई मौजूद नहीं होने के कारण वे पूरी रात वहीं पड़े रहे। सुबह राहगीरों की नजर पड़ने पर हादसे का खुलासा हुआ।

घटना के बाद परिजनों ने नगर प्रशासन और कोटा विकास प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शहर में कई जगह खुले नाले और खराब सड़कें हादसों को न्योता दे रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग सुरक्षा के इंतजाम नहीं कर रहे।

बोरखेड़ा थाने के एएसआई धर्मवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।