RPSC SI भर्ती 2021 री-एग्जाम की तैयारी तेज, 30 मई तक जरूरी अपडेट नहीं किया तो रद्द होगा आवेदन

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने SI भर्ती 2021 की पुनः परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है।

May 23, 2026 - 09:50
RPSC SI भर्ती 2021 री-एग्जाम की तैयारी तेज, 30 मई तक जरूरी अपडेट नहीं किया तो रद्द होगा आवेदन

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उप-निरीक्षक (SI) भर्ती 2021 की पुनः परीक्षा को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। आयोग ने री-एग्जाम की तैयारियां तेज करते हुए अभ्यर्थियों के लिए आवेदन अपडेट और KYC प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया है। आयोग के अनुसार SI भर्ती 2021 की पुनः परीक्षा 20 सितंबर 2026 को आयोजित किए जाने की योजना है।

इसी बीच आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी पात्र अभ्यर्थियों को 30 मई 2026 तक अपने आवेदन फॉर्म में आवश्यक संशोधन, KYC सत्यापन और सहमति प्रक्रिया पूरी करनी होगी। तय समय तक प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले उम्मीदवारों के आवेदन स्वतः निरस्त माने जाएंगे।

आयोग के मुताबिक यह प्रक्रिया उन सभी अभ्यर्थियों के लिए जरूरी है जिन्होंने पूर्व में आयोजित परीक्षा के दोनों प्रश्न पत्र दिए थे। खास बात यह है कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में कोई बदलाव नहीं है, उन्हें भी एडिट मोड में जाकर लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के लिए सहमति देनी होगी। इसके बाद OTP सत्यापन के जरिए आवेदन को फाइनल सबमिट करना अनिवार्य रहेगा।

पांच साल पुराने रिकॉर्ड निकालना हुआ आसान

RPSC ने अभ्यर्थियों की परेशानी को देखते हुए पुराना आवेदन रिकॉर्ड खोजने की प्रक्रिया भी आसान बना दी है। आयोग ने बताया कि लंबे समय के दौरान कई उम्मीदवारों के मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और SSO ID बदल चुके हैं, जिससे उन्हें पुराने आवेदन की जानकारी प्राप्त करने में कठिनाई हो रही थी।

अब अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि दर्ज करके आवेदन क्रमांक और पुरानी SSO ID की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे अभ्यर्थियों को आवेदन अपडेट प्रक्रिया में काफी राहत मिलेगी।

नई SSO ID वालों के लिए विशेष व्यवस्था

यदि किसी उम्मीदवार ने अपनी SSO ID बदल ली है तो उसे ‘Fetch Application’ विकल्प का उपयोग करना होगा। इस प्रक्रिया के जरिए पुराना आवेदन रिकॉर्ड नई प्रोफाइल में ट्रांसफर किया जा सकेगा।

इसके अलावा मोबाइल नंबर और ईमेल अपडेट करवाने की सुविधा आयोग कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है। आयोग ने पूरी प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए वेबसाइट पर गाइडलाइन और डेमो वीडियो भी अपलोड किए हैं।

इन अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगी सुविधा

RPSC ने साफ किया है कि परीक्षा की शुचिता भंग करने और नकल प्रकरणों में शामिल अभ्यर्थियों को फिलहाल इस अपडेट प्रक्रिया से दूर रखा गया है। ऐसे मामलों की अलग से जांच और कार्रवाई जारी है।

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन अपडेट और KYC प्रक्रिया पूरी करें ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।