नाबालिग से दोस्ती पड़ी भारी! 3 दिन तक बंधक बनाकर वॉलीबॉल प्लेयर को पीटा, पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुसीं

फरीदाबाद के वॉलीबॉल खिलाड़ी मोनू हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। नाबालिग लड़की से दोस्ती के चलते उसे कथित तौर पर किडनैप कर 3 दिनों तक बंधक बनाकर पीटा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर, नाक और पसलियां टूटने की पुष्टि हुई है।

May 23, 2026 - 10:44
नाबालिग से दोस्ती पड़ी भारी! 3 दिन तक बंधक बनाकर वॉलीबॉल प्लेयर को पीटा, पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुसीं

फरीदाबाद में सामने आए वॉलीबॉल खिलाड़ी मोनू हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामले की जांच में अब कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, 21 वर्षीय खिलाड़ी को कथित तौर पर नाबालिग लड़की से दोस्ती की वजह से अगवा कर तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया।

मोनू राजस्थान के भिवाड़ी स्थित सैदपुर गांव का रहने वाला था और वॉलीबॉल का स्टेट लेवल खिलाड़ी था। बताया जा रहा है कि करीब 8 महीने पहले उसकी दोस्ती फरीदाबाद की रहने वाली एक नाबालिग लड़की से हुई थी। लड़की का ननिहाल मोनू के गांव में था और दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते थे। इसी वजह से लड़की के परिवार को यह रिश्ता मंजूर नहीं था।

अप्रैल में दर्ज हुआ था अपहरण का केस

परिजनों के मुताबिक अप्रैल महीने में लड़की घर छोड़कर चली गई थी। परिवार ने इसके पीछे मोनू को जिम्मेदार मानते हुए उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। हालांकि लड़की दो दिन बाद दिल्ली के लालकिले के पास से बरामद हो गई थी।

मोनू के परिजनों का कहना है कि उन्होंने खुद लड़की को तलाशने में मदद की और सुरक्षित उसके घर पहुंचाया था।

17 मई को थाने जाने निकला था मोनू

मृतक के चाचा नरेंद्र ने बताया कि 17 मई को मोनू तिगांव थाने में जांच में शामिल होने के लिए घर से निकला था। रास्ते में कथित तौर पर लड़की के पिता और अन्य परिजनों ने उसे पकड़ लिया और अपने साथ ले गए।

आरोप है कि उसे खेतों में बने एक मकान में तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, जहां लगातार मारपीट की गई। जब उसकी हालत गंभीर हो गई तो उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया। बाद में खुद आरोपियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भयावह खुलासा

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार मोनू के सिर और नाक की हड्डियां टूट चुकी थीं। उसकी कई पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुस गई थीं। हाथ-पैरों पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसके साथ लंबे समय तक बेरहमी से मारपीट की गई।

15 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज

फरीदाबाद पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित 15 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 20 मई को लड़की का पिता खुद थाने पहुंचा और बताया कि उन्होंने उस युवक को पकड़ रखा है, जो लड़की को लेकर गया था। पुलिस मौके पर पहुंची तो मोनू गंभीर हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

खिलाड़ी था मोनू

मोनू कबड्डी और वॉलीबॉल दोनों खेलों से जुड़ा था। वह वॉलीबॉल में कई स्टेट लेवल प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुका था। परिवार में वह सबसे बड़ा बेटा था और उसके दो छोटे भाई पढ़ाई कर रहे हैं।

यह मामला अब ऑनर किलिंग और कानून हाथ में लेने जैसे गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।