रेलवे स्टेशन पहुंचीं दिया कुमारी, ट्रेन में यात्रियों संग किया सफर; PM मोदी की मुहिम को लेकर की अपील
जयपुर से अजमेर ट्रेन यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने यात्रियों से संवाद कर पब्लिक ट्रांसपोर्ट और स्वदेशी अपनाने की अपील की।
जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी रविवार को जयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा अजमेर के लिए रवाना हुईं। इस दौरान उनका अंदाज पूरी तरह आम यात्रियों जैसा नजर आया। ट्रेन में सफर करते हुए उन्होंने यात्रियों से आत्मीय बातचीत की और देशहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण संदेश साझा किए। उपमुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर यात्रियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कई यात्रियों ने उनके साथ बातचीत की तो कुछ ने तस्वीरें भी खिंचवाईं।
सफर के दौरान दिया कुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुहिमों का जिक्र करते हुए कहा कि देश को मजबूत बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की अपील की। उनका कहना था कि यदि आम नागरिक और जनप्रतिनिधि मिलकर सार्वजनिक परिवहन को अपनाएंगे तो इससे ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
उपमुख्यमंत्री ने युवाओं से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा देश की सबसे बड़ी ताकत है और अगर युवा स्वदेशी सोच को अपनाएंगे तो भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने लोगों से देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कही।
दिया कुमारी ने पर्यटन को लेकर भी लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत में कई ऐसे खूबसूरत पर्यटन स्थल हैं जो विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखते हैं। ऐसे में लोगों को विदेशों में घूमने जाने के बजाय देश के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे देश की संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
ट्रेन यात्रा के दौरान उपमुख्यमंत्री का सादगीभरा अंदाज लोगों को काफी पसंद आया। यात्रियों ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि का आम लोगों के बीच बैठकर यात्रा करना और सीधे संवाद करना एक सकारात्मक संदेश देता है। इस दौरान रेलवे स्टेशन और ट्रेन में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद नजर आई।