अलवर में शादी बना ठगी का जाल: पहली दुल्हन लाखों लेकर भागी, दूसरी रिश्ता तोड़ने की दे रही धमकी

अलवर में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है।

May 16, 2026 - 16:59
अलवर में शादी बना ठगी का जाल: पहली दुल्हन लाखों लेकर भागी, दूसरी रिश्ता तोड़ने की दे रही धमकी

राजस्थान के अलवर जिले में शादी कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गिरोह से जुड़ी दो कथित लुटेरी दुल्हनों ने अलग-अलग तरीके से एक परिवार को निशाना बनाया। पहली दुल्हन शादी से पहले ही परिवार को नशीला पदार्थ पिलाकर लाखों रुपए और कीमती सामान लेकर फरार हो गई, जबकि दूसरी दुल्हन शादी के बाद लगातार पैसों की मांग कर रिश्ता तोड़ने की धमकी देने लगी।

पीड़ित युवक की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले ने जिले में शादी के नाम पर सक्रिय ठग गिरोहों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

शादी कराने के नाम पर शुरू हुआ खेल

प्रेम नगर मेहताब सिंह का नोहरा निवासी अजय शर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पहचान माचाड़ी निवासी बंटी से हुई थी। जून 2025 में बंटी ने उसकी मुलाकात मनोहर उर्फ पप्पी पंडित से कराई। आरोप है कि दोनों ने एक युवती की फोटो दिखाकर कहा कि लड़की मध्यप्रदेश की रहने वाली है और उसके पिता गंभीर रूप से बीमार हैं। उन्होंने शादी करवाने के बदले इलाज और अन्य खर्चों के नाम पर करीब 3 लाख रुपए मांगे। पीड़ित के अनुसार, शुरुआत में किराया-भाड़ा और अन्य खर्च बताकर 30 हजार रुपए नकद लिए गए। इसके बाद 12 जनवरी 2026 को मध्यप्रदेश निवासी निशा को उसके कथित रिश्तेदारों के साथ अलवर लाया गया। उसी दिन टेल्को चौराहे के पास करीब 2.30 लाख रुपए नकद मनोहर उर्फ पप्पी को दिए गए।

पांच दिन तक परिवार में रही, फिर नशीला दूध पिलाकर हुई फरार

अजय ने बताया कि युवती करीब पांच दिन तक उसके जीजा और बहन के घर पर रही। इस दौरान परिवार ने शादी की तैयारियों और खरीदारी पर करीब 60 हजार रुपए खर्च किए। इसमें लहंगा, साड़ी, मंगलसूत्र, बिछिया, कपड़े, मेकअप और अन्य सामान शामिल था। परिवादी के मुताबिक, 17 जनवरी 2026 की रात लड़की ने परिवार के लोगों को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। सुबह जब सभी उठे तो लड़की घर से गायब मिली। घर से करीब 3 लाख रुपए नकद, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान भी गायब था। इतना ही नहीं, लड़की के साथ आए कथित रिश्तेदार भी वहां से फरार हो चुके थे।

शिकायत करने पर दूसरी लड़की से शादी का प्रस्ताव

जब अजय ने इस घटना की शिकायत बंटी और मनोहर से की तो उन्होंने मामले को दबाने की कोशिश की और दूसरी लड़की से शादी कराने का भरोसा दिया।आरोपियों ने बताया कि दूसरी लड़की आरती तलाकशुदा है और फिलहाल माचाड़ी, राजगढ़ में रह रही है। हालांकि बाद में पता चला कि वह अलवर शहर की बांस वाली गली की रहने वाली है। 23 जनवरी 2026 को आरती अपने भाई राम, तन्मय, मां और दोस्त छगन समेत अन्य लोगों के साथ अलवर पहुंची, जहां उसकी शादी अजय से कराई गई।

शादी के दौरान भी ऐंठते रहे पैसे

पीड़ित के अनुसार, शादी समारोह के लिए काशीराम चौराहे स्थित धर्मशाला बुक करवाई गई थी, जहां 300 से 400 लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई। इस दौरान भी आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे वसूले। पहले किराया और खर्च के नाम पर 10 हजार रुपए लिए गए, फिर ब्यूटी पार्लर ले जाने के बहाने 10 हजार रुपए और मांगे गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि शादी के नाम पर लगातार आर्थिक दबाव बनाया जाता रहा।

शादी के बाद भी जारी रही वसूली

अजय के वकील गोविंद के मुताबिक, शादी के बाद आरती कुछ दिन तक ससुराल में रही। बाद में उसने भतीजे के जन्मदिन का बहाना बनाकर 26 जनवरी 2026 को मायके जाने के लिए 4 हजार रुपए लिए और वापस आने से इनकार कर दिया। जब परिवार के लोग उसे वापस लाने पहुंचे तो आरोपियों ने और पैसे मांगने शुरू कर दिए। यहां तक कहा गया कि यदि पैसे नहीं दिए तो रिश्ता तुड़वा दिया जाएगा।शिवरात्रि पर बड़ी मुश्किल से आरती ससुराल आई, लेकिन कुछ समय बाद फिर चली गई और वापस आने से साफ मना कर दिया।

10 लाख से ज्यादा का नुकसान

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पूरे घटनाक्रम में आरोपियों ने करीब 3.60 लाख रुपए नकद ऐंठ लिए, जबकि शादी समारोह और अन्य खर्चों में करीब 6.50 लाख रुपए खर्च करवाए गए। इस तरह परिवार को कुल मिलाकर 10 लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ। फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस ने 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे गिरोह और इसके नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

Kashish Sain Bringing truth from the ground राजस्थान और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक और भरोसेमंद खबरें सरल और प्रभावी अंदाज़ में प्रस्तुत करना, ताकि हर पाठक तक सही जानकारी समय पर पहुँच सके।