चलती राजधानी एक्सप्रेस में आग का हादसा: 15 मिनट में खाली कराए गए 2 कोच

मध्य प्रदेश में कोटा मंडल के तहत त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के दो कोचों में आग लग गई। हादसे के बाद 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग बी-1 एसी कोच और लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। रेलवे ने बिजली कनेक्शन काटकर राहत कार्य शुरू किया और करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया। घटना के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।

May 17, 2026 - 10:01
May 17, 2026 - 10:02
चलती राजधानी एक्सप्रेस में आग का हादसा: 15 मिनट में खाली कराए गए 2 कोच

मध्य प्रदेश में कोटा मंडल के तहत रविवार सुबह त्रिवेंद्रम हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। आग एसी कोच B-1 और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की सबसे पहली सूचना गार्ड ने लोको पायलट को दी। इसके तुरंत बाद ट्रेन को रोका गया और यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। हालांकि, कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया। लगेज वैन में रखा यात्रियों का सामान भी जलकर खाक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोटा जंक्शन पर हूटर बजाए गए और राहत एवं बचाव टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 त्रिवेंद्रम राजधानी रविवार सुबह करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी और उसका अगला निर्धारित ठहराव सुबह 8:45 बजे कोटा जंक्शन था। राजस्थान में प्रवेश करने से पहले विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास यह हादसा हो गया। आग लगने के बाद रेलवे ने तुरंत ट्रेन का बिजली कनेक्शन काट दिया और प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया। साथ ही दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर कुछ समय के लिए रेल यातायात भी रोक दिया गया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल और रेलवे टीमों ने आग पर काबू पाया। इसके बाद यात्रियों को अन्य कोचों में शिफ्ट किया गया। ट्रेन को लगभग चार घंटे की देरी से सुबह 9 बजे कोटा के लिए रवाना किया गया। रेलवे प्रशासन ने बताया कि कोटा स्टेशन पर अतिरिक्त कोच जोड़कर प्रभावित यात्रियों को उसमें शिफ्ट किया जाएगा।

हादसे का असर दिल्ली-मुंबई रूट की कई ट्रेनों पर भी पड़ा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, दोनों दिशाओं में चलने वाली 5 से 6 ट्रेनों के शेड्यूल प्रभावित हुए और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि वे ट्रेनों की स्थिति और टाइमिंग की जानकारी प्राप्त कर सकें।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.