एक झगड़ा… और पलभर में सब खत्म! गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों के साथ जो हुआ, सुनकर कांप उठेंगे आप
बूंदी में जमीनी विवाद के दौरान गर्भवती महिला पर हमला, पेट में पल रहे 5 महीने के जुड़वा बच्चों की मौत। महिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
राजस्थान के बूंदी जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां जमीनी विवाद ने एक गर्भवती महिला की जिंदगी को गहरे सदमे में डाल दिया। मारपीट के दौरान घायल महिला के पेट में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। महिला फिलहाल अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
जमीनी विवाद में मारपीट
मामला दबलाना थाना क्षेत्र के दुर्गापुरा गांव का है। यहां दो पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि पीड़िता के रिश्तेदार ही उसकी जमीन पर मकान निर्माण कर रहे थे। कई बार मना करने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा, जिससे विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान गर्भवती महिला ब्रह्मा बाई बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपियों ने उस पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया।
हमले के बाद बिगड़ी हालत
घटना के बाद परिजन महिला को तुरंत हिण्डोली अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन कर महिला की जान बचाई, लेकिन उसके पेट में पल रहे करीब 5 महीने के दोनों जुड़वा बच्चों को नहीं बचाया जा सका।
8 साल बाद मिली खुशियां छिनी
बताया जा रहा है कि ब्रह्मा बाई को करीब 8 साल बाद संतान सुख मिलने वाला था। परिवार जुड़वा बेटों के आने की खुशी मना रहा था, लेकिन इस घटना ने सब कुछ खत्म कर दिया। परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में भी भारी आक्रोश है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्होंने पहले भी इस विवाद को लेकर पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।