12वीं में अपेक्षा से कम नंबर आने पर छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, 88% अंक से थी परेशान

बाड़मेर में 12वीं बोर्ड परीक्षा में अपेक्षा से कम 88 प्रतिशत अंक आने पर एक छात्रा ने मानसिक तनाव में आकर आत्मघाती कदम उठा लिया। परिवार के अनुसार छात्रा 95 प्रतिशत अंक की उम्मीद कर रही थी और रिजल्ट के बाद से ही डिप्रेशन में थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Apr 4, 2026 - 19:45
12वीं में अपेक्षा से कम नंबर आने पर छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, 88% अंक से थी परेशान

बाड़मेर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 12वीं बोर्ड परीक्षा में अपेक्षा से कम अंक आने के कारण एक छात्रा ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना शुक्रवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा के राजस्थान बोर्ड 12वीं के रिजल्ट में 88 प्रतिशत अंक आए थे। हालांकि यह अच्छे अंक माने जाते हैं, लेकिन छात्रा ने अपने लिए 95 प्रतिशत के आसपास लक्ष्य तय किया था। लक्ष्य से कम अंक आने के कारण वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।

कमरे में गई, फिर नहीं आई बाहर

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम को छात्रा अपने कमरे में चली गई थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर मां को चिंता हुई। रात करीब 8 बजे जब मां ने दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दरवाजा धक्का देकर खोला। अंदर का दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। छात्रा कमरे में फंदे पर लटकी हुई मिली। परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता बोले- समझाया था, लेकिन तनाव में थी

मृतका के पिता, जो टेंपो चालक हैं, ने बताया कि उनकी बेटी पढ़ाई में अच्छी थी। 10वीं कक्षा में भी उसके अच्छे अंक आए थे और वह आगे भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही थी।उन्होंने बताया कि रिजल्ट आने के बाद से ही वह तनाव में रहने लगी थी और बार-बार कहती थी कि उसके नंबर 95 प्रतिशत के आसपास आएंगे, लेकिन 88 प्रतिशत आने से वह निराश हो गई। पिता ने उसे समझाने की कोशिश भी की कि आगे मेहनत कर बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं, लेकिन वह मानसिक दबाव से बाहर नहीं निकल पाई।

पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Mohit Parihar Mohit Parihar is a journalist at The Khatak, covering politics and public issues with a strong focus on ground reporting and factual storytelling.