‘अभी भी ये टी-शर्ट चल रही है?’ सड़क पर युवक को देखकर गहलोत ने रुकवाई कार, VIDEO ने जीता लोगों का दिल
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सड़क पर ग्रामीण ओलंपिक की टी-शर्ट पहने युवक को देखकर गहलोत ने कार रुकवाई और उससे बातचीत की, जिसका वीडियो अब चर्चा में है।
राजस्थान की राजनीति में भले ही सत्ता बदल चुकी हो, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की योजनाओं की चर्चा आज भी गांवों और कस्बों में दिखाई देती है। इसी बीच सोशल मीडिया पर गहलोत का एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। वीडियो में अशोक गहलोत अपनी कार से कहीं जाते नजर आ रहे हैं। तभी रास्ते में उनकी नजर एक ग्रामीण युवक पर पड़ती है, जिसने “राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलंपिक खेल 2023” की टी-शर्ट पहन रखी थी। टी-शर्ट के पीछे गहलोत की तस्वीर और “फिट राजस्थान, हिट राजस्थान” का नारा छपा हुआ था। युवक की टी-शर्ट देखते ही गहलोत ने अपनी कार रुकवा दी और मुस्कुराते हुए युवक से पूछा, “अभी भी ये टी-शर्ट चल रही है… बढ़िया?” गहलोत के इस सवाल पर युवक ने भी मुस्कुराकर जवाब दिया, “जी सर, बिल्कुल चल रही है।”
कबड्डी खिलाड़ी निकला युवक
बातचीत के दौरान गहलोत ने युवक से पूछा कि वह किस खेल में हिस्सा लेता था। इस पर युवक ने गर्व से बताया कि वह कबड्डी का खिलाड़ी रहा है। यह सुनकर गहलोत भी काफी खुश नजर आए।वीडियो में दिख रही यह छोटी-सी बातचीत अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। कई लोग इसे गहलोत की योजनाओं का “ग्राउंड कनेक्शन” बता रहे हैं, तो कुछ लोग इसे उनकी राजनीतिक पकड़ से जोड़कर देख रहे हैं।
पहले राशन किट वाला वीडियो भी हुआ था वायरल
यह पहला मौका नहीं है जब गहलोत को अपनी पुरानी योजनाओं की झलक सड़कों पर दिखाई दी हो। इससे पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने सड़क पर जा रहे एक बाइक सवार की बाइक पर अपनी तस्वीर वाला “अन्नपूर्णा राशन किट” का बैग देखा था। उस वीडियो की भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। सत्ता से बाहर होने के महीनों बाद भी लोगों द्वारा इन चीजों का इस्तेमाल किया जाना इस बात का संकेत माना गया कि उनकी कई योजनाएं सीधे आम लोगों की जिंदगी से जुड़ी हुई थीं।
ग्रामीण ओलंपिक था गहलोत का ड्रीम प्रोजेक्ट
अशोक गहलोत ने अपने पिछले कार्यकाल में “राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक” को बड़े स्तर पर शुरू किया था। इस योजना का उद्देश्य गांव-गांव में खेल प्रतिभाओं को मंच देना और युवाओं को खेलों से जोड़ना था। ग्रामीण ओलंपिक में कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और कई पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया था। लाखों खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए टी-शर्ट और खेल किट उपलब्ध कराई गई थीं। सरकार बदलने के बाद भले ही योजनाओं की प्राथमिकताएं बदल गई हों, लेकिन वायरल वीडियो यह दिखाता है कि ग्रामीण ओलंपिक जैसी योजनाएं अभी भी लोगों की यादों और जीवनशैली का हिस्सा बनी हुई हैं।
वीडियो बना राजनीतिक चर्चा का विषय
गहलोत के इस वायरल वीडियो को अब राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। समर्थकों का कहना है कि यह उनकी योजनाओं की लोकप्रियता का प्रमाण है, जबकि विरोधी इसे सिर्फ राजनीतिक संदेश देने की कोशिश बता रहे हैं। हालांकि वीडियो में दिख रहे गहलोत के चेहरे के भाव और आम लोगों से उनका सहज संवाद सोशल media users को काफी पसंद आ रहा है।